पेन नहीं लाने पर चौथी के छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप
भोपाल. भेल के जवाहर लाल नेहरू स्कूल में मामूली बात पर चौथी कक्षा के छात्र की बुरी तरह पिटाई करने का मामला सामने आया है। अभिभावकों ने मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन से की। वहीं, प्रबंधन ने घटना से इनकार कर दिया। विद्या नगर निवासी अरविंद साहू का आठ वर्षीय बेटा जवाहर लाल नेहरू स्कूल में पढ़ता है। 23 मार्च को नया सत्र शुरू होने के समय चौथी कक्षा में पहुंचने के साथ विद्यार्थियों को पेंसिल के बजाए पेन लाने के निर्देश दिए गए थे। 26 मार्च को वह क्लास में पहुंचा तो पेंसिल से लिखते देख क्लास टीचर ने उसकी पिटाई कर दी। बच्चे ने घर पहुंचकर रोते हुए मां को पिटाई की बात बताई। देखने पर उसकी पीठ पर हाथ के निशान उभरे थे, पिटाई से बच्चे की पीठ नीली पड़ गई थी। अभिभावक बुधवार को बेटे को लेकर स्कूल पहुंचे जहां प्रबंधन ने घटना को नकार दिया। अब पीडि़त मामले की शिकायत उच्च स्तर पर करने जा रहे हैं।
मैं बेटे को लेकर स्कूल गया था, जहां प्रिंसपल के सामने उसने मारपीट की पूरी घटना फिर बताई, प्रिसिपल ने पांच अलग-अलग शिक्षिकाओं को बुलाया जिसमें से बेटे ने पिटाई करने वाली शिक्षिका को ही पहचाना। लेकिन प्रिंसिपल और उक्त शिक्षिका क्लास के दूसरे बच्चों के ना कहने के आधार पर घटना को नकारते रहे। शाला प्रबंधन ने बच्चों को इतना डरा दिया है कि वह आंखों में देखा सच तक नहीं बोल पा रहे, आज यदि इस मामले को दबाया तो कल दूसरे बच्चों के साथ ऐसा होगा। मैं इस मामले की शिकायत गुरुवार को उच्चाधिकारियों को करूंगा।
अरविंद साहू, पीडि़त विद्यार्थी के पिता
अभिभावक बच्चे को लेकर आए थे, बच्चे ने पिटाई की बात बताई, अलग-अलग टीचर सामने लाने पर उसने एक टीचर की पहचान की। लेकिन क्लास में ले जाने पर क्लास के सभी बच्चों ने ऐसी कोई घटना होने से इंकार कर दिया। घटना की पुष्टि नहीं होने पर अभिभावकों ने भी अपनी शिकायत वापस ले ली है।
आरबी सिंह, हेडमास्टर, जवाहर लाल नेहरू स्कूल
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YtRFbj
via
No comments