एशियाड गेम्स: पुरुषों की 800 मीटर रेस में मनजीत ने स्वर्ण और जॉनसन ने रजत दिलाया - Web India Live

Breaking News

एशियाड गेम्स: पुरुषों की 800 मीटर रेस में मनजीत ने स्वर्ण और जॉनसन ने रजत दिलाया



- एशियाई खेलों में तीरंदाजी में पहली बार भारतीय महिला टीम को रजत पदक, पुरुष टीम ने भी जीता सिल्वर
- भारत ने अब तक 50 पदक जीते, इनमें 9 स्वर्ण, 19 रजत और 22 कांस्य
- सबसे ज्यादा 11 पदक एथलेटिक्स में,  इसमें 3 स्वर्ण और 8 रजत शामिल
खेल। 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन मनजीत सिंह ने भारत को 9वां स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने1:46:15 मिनट में 800 मीटर की रेस पूरी की। इस स्पर्धा का रजत पदक भी भारत के खाते में आया। भारत के जिनसन जॉनसन ने 1:46:35 मिनट का समय निकालकर यह उपलब्धि अपने नाम की। कतर के अबु बाकर अब्दुल्ला 1:46:38 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कांस्य पदक मिला। मनजीत आखिरी 200 मीटर में 5वें स्थान पर चल रहे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और जॉनसन तथा अबु को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 28 साल के मंजीत का यह एशियाड में पहला स्वर्ण पदक है। केरल के जॉनसन ने भी अपना पहला एशियाई खेल पदक जीता। जॉनसन इस साल कॉमनवेल्थ गेम्स में 5वें स्थान पर रहे थे।
67 साल बाद एकसाथ स्वर्ण और रजत जीता ः भारत ने 32 साल बाद एशियाड में पुरुषों की 800 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता। 1982 में चार्ल्स बोरोमियो ने स्वर्ण जीता था। इस स्पर्धा में यदि स्वर्ण और रजत दोनों एकसाथ जीतने की बात की जाए तो भारत को 67 साल बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे पहले 1951 में रंजीत सिंह ने स्वर्ण और कुलवंत सिंह ने रजत पदक जीता था। मनजीत के स्वर्ण पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उन्हें ट्वीट कर बधाई दी।

10वें दिन पहला पदक तीरंदाजी में मिला: इससे पहले भारत ने महिला और पुरुष तीरंदाजी की कम्पाउंड स्पर्धा में 2 रजत पदक जीते। महिला टीम को कोरिया ने 231-228 से हराया। वहीं, पुरुष स्पर्धा के फाइनल का फैसला शूटआउट में हुआ। दोनों स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक कोरिया के खाते में गए। एशियाड में महिला टीम ने पहली बार रजत पदक जीता। इससे पहले 2010 ग्वांगझू में भारत ने महिला टीम रिकर्व स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। एशियाड में अब तक भारत के 50 पदक हो गए हैं।
तीरंदाजी में आखिरी राउंड में हारीं भारतीय महिला टीम ः भारतीय महिला टीम ने कम्पाउंड स्पर्धा में  शुरुआत बेहतर की। पहले राउंड में 59 का स्कोर किया। कोरियाई तीरंदाज 57 अंक ही ले पाए। हालांकि, दूसरे राउंड में कोरिया की टीम हावी रही और 58-56 से इसे अपने नाम किया। तीसरे राउंड में दोनों टीमों ने 58-58 का स्कोर किया। इस समय तक लग रहा था कि भारत स्वर्ण पदक जीत सकता है, लेकिन फाइनल राउंड में भारतीय टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और टीम को 55 अंक ही मिले। कोरियाई तीरंदाजों ने 58 का स्कोर कर स्वर्ण पदक जीत लिया। पुरुष कम्पाउंड टीम के फाइनल में 4 सेट के बाद भारत और कोरिया का स्कोर 229-229 था। भारत ने शूटऑफ में भी विरोधी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन कोरियाई टीम के तीर सेंटर सर्कल में ज्यादा थे। इस कारण दक्षिण कोरिया स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहा।
शूटऑफ में भी बराबर रहे अंक : शूटऑफ में पहले निशाने में कोरिया ने 10 और भारत ने 9 अंक हासिल किए। दूसरे में भारत ने 10 जबकि कोरिया को 9 अंक मिले। तीसरे निशाने में भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ने 10-10 अंक लिए। इस तरह शूटऑफ में भी दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा, लेकिन दक्षिण कोरिया के तीर सेंटर सर्कल में ज्यादा निकले। इस वजह से भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

कुराश में पिंकी को रजत, माला प्रभा को कांस्य : कुराश में भारत की पिंकी बल्हारा ने महिलाओं के 52 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता। इसी वर्ग में भारत की मालाप्रभा यल्लप्पा जाधव सेमीफाइनल में हार गईं, लेकिन उन्हें कांस्य पदक मिला। पारंपरिक मार्शल आर्ट के इस खेल में पिंकी बलहारा का फाइनल में उज्बेकिस्तान की गुलनोर सुलेमानोवा से हुआ। सुलेमानोवा ने पिंकी को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। कुराश उज्बेकिस्तान का पारंपरिक मार्शल आर्ट खेल है। 19 साल की पिंकी राउंड-16 में ताइपे की चियावेन सोऊ को 5-0, क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की कुसुमावर्दनी सुसांती को 3-0 और सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान की ओसुलुव अब्दुमाजीदोवा को 3-0 से हराया था। गुलनोर ने सेमीफाइनल में मालाप्रभा को 10-0 से हराया था।
4x400 मिक्स्ड रिले में रजत : भारतीय टीम ने 4x400 मिक्स्ड रिले में रजत पदक जीता। मोहम्मद अनस, पुवम्मा राजू माचित्रा, हिमा दास और राजीव अरोकिया वाली भारतीय टीम ने 3:15:71 मिनट का समय निकाला। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहरीन ने जीता। बहरीन की टीम ने 3:11:89 मिनट का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की। कचाकिस्तान की टीम 3:19:52 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रही। इस स्पर्धा को एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया है।
हिमा गलत शुरुआत के कारण 200 मीटर सेमीफाइनल से बाहर : भारत के लिए  हिमा दास का महिलाओं की 200 मीटर रेस के लिए अयोग्य ठहराया जाना भारत के लिए झटका रहा। हिमा को गलत स्टार्ट के कारण बाहर हो जाना पड़ा। इस रेस में दो एथलीट अयोग्य करार दी गईं। रेस शुरू होते ही हिमा फाल्स स्टार्ट की शिकार हो गईं और उन्हें ट्रैक से बाहर होना पड़ा। रेस में हिस्सा लेने वाले खिलाड़यों को बंदूक की आवाज के बाद दौड़ना शुरू करना होता है, लेकिन हिमा ने बंदूक चलने से पहले ही अपना स्थान छोड़ दिया और इस तरह वे बाहर हो गईं।
मुक्केबाजी में पदक से चूकीं सोनिया और पवित्रा : मुक्केबाजी में सोनिया लाठेर और पवित्रा अपने-अपने भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। इसके साथ ही दोनों की एशियाड में पदक जीतने की उम्मीदें टूट गईं। 60 किग्रा लाइटवेट वर्ग में इंडोनेशिया की हुस्वातुन हसाना ने पवित्रा को 3-2 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 57 किग्रा भार वर्ग में उत्तर कोरिया की सोन ह्वा जो ने सोनिया को 5-0 से हराया। सोन शुरुआत से ही सोनिया पर हावी दिखीं। उन्होंने अपने आक्रमण से भारतीय खिलाड़ी को दबाव में ला दिया। यही वजह रही कि सोनिया ठीक से अपना पंच तक नहीं लगा पाईं।
वॉलीबॉल में पाकिस्तान से हारा भारत : वॉलीबॉल के पुरुष वर्ग में पाकिस्तान ने भारत को 3-1 से मात दी। भारत ने पहला सेट 22 मिनट में 25-21 से जीत कर 1-0 की बढ़त हासिल की, लेकिन पाकिस्तान ने अगले तीन सेट 25-21, 25-21, 25-23 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

पदक तालिका (28-08-2018, रात 9:00 बजे तक)
क्रम देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल
1 चीन 97 64 45 206
2 जापान 43 38 61 142
3 कोरिया 32 40 46 118
4 इंडोनेशिया 24 19 29 72
5 ईरान 17 16 16 49
8 भारत 9 19 22 50

No comments