हुजूर: भाजपा चुनाव प्रभारी के घर जा पहुंचे कांग्रेस का प्रचार कर रहे डाॅक्टर्स, प्रभारी की पत्नी बोली: इसबार तो यही प्रत्याशी जीतना चाहिए
भोपाल। संत हिरदाराम नगर में इनदिनों 6 से ज्यादा डॉक्टर्स की टीम एक साथ कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी के समर्थन में लोगों से वोट मांग रहे हैं। बुधवार सुबह 8:30 बजे डॉक्टर्स की टीम लक्ष्मण नगर में घर-घर प्रचार कर रही थी, इसी बीच वे हुजूर के लिए बीजेपी के चुनाव प्रभारी आवास संघ के पूर्व अध्यक्ष सुशील वासवानी के घर भी पहुंचे। यहां डॉ. दिलीप चोटरानी, डॉ. टीके ज्ञानचंदानी, डॉ. लाल किशनानी, डॉ. दुर्गेश खेमचंदानी सहित अन्य चिकित्सकों ने दरवाजा खटखटाया तो वासवानी ने ही दरवाजा खोला, पीछे से उनकी पत्नी किरण वासवानी भी निकल आई। कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञानचंदानी का प्रचार कर रहे डॉक्टर्स की टीम देखकर वासवानी की पत्नी बोली इस बार तो यही प्रत्याशी जीतना चाहिए। इसपर डॉक्टर्स की टीम के चेहरे खिल उठे और बीजेपी के चुनाव प्रभारी सुशील वासवानी तो ठहाके से हंस पड़े। डॉ. ज्ञानचंदानी ने बताया कि उनकी टीम रोजाना सुबह 8 बजे से ही चुनाव प्रचार के लिए अलग-अलग इलाकों में निकल जाते हैं। सुबह-शाम दोनों टाइम टीम के सदस्य नरेश ज्ञानचंदानी को जिताने के लिए जनसंपर्क कर रहे हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि इस बार कांग्रेस ने हुजूर से जो प्रत्याशी दिया है जनता को उसपर भरोसा है। इसीलिए वे ज्ञानचंदानी के प्रचार में जुटे हुए हैं।

No comments