चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री के भाई समेत कई दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल - Web India Live

Breaking News

चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री के भाई समेत कई दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल

भोपालः लोकसभा चुनाव की तारीख नज़दीक आते आते नेताओं की दलबदली का सिलसिला तेज हो गया है। इसी के चलते विंध्य में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। विंध्य के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल के भाई विनोद शुक्ल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इसके अलावा बीजेपी के कई अन्य नेता भी कांग्रेस की शरण में चले गए हैं। चुनाव से पहले इसे बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। शनिवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई, जिसके बाद सीएम ने शुक्ल को पार्टी सदस्यता दिलाई। आपको बता दें कि, विनोद शुक्ल के कांग्रेस में शामिल होने को घर वापसी भी कहा जा रहा है। क्योंकि, इससे पहले 2013 में भी वो कांग्रेस की सदस्यता ले चुके हैं। फिलहाल, शिवराज मंत्रिमंडल के मंत्री रहे राजेंद्र शुक्ल के भाई विनोद शुक्ल के इस फैसले को चुनावी दौर में भाजपा को बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

देश-प्रदेश में भाजपा के पास रह जाएंगी सिर्फ इतनी सीटेंः नाथ

आपको बता दें कि, सिर्फ विनोद शुक्ल ने ही कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली है। इसके बीजेपी नेता और रिटायर मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव, मैहर के नपाध्यक्ष धीरज पांडेय और सतना की पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रश्मि सिंह भी कांग्रेस में शामिल हुई हैं। सीएम कमलनाथ ने पर्ची काटकर सभी को सदस्यता दिलाई। सभी नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद सीएम कमलनाथ ने कहा आज कांग्रेस मे शामिल होने वालों को सच्चाई नज़र आ रही है, इसी लिए वो ये फैसला ले रहे हैं। इस दौरान नाथ ने कहा कि, जिस तरह बीजेपी को समझकर नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, उसी तरह प्रदेश की जनता भी चुनाव के समय अपना जवाब दे देगी क्योंकि, वो भी बीजेपी को अच्छी तरह से समझ चुकी है। सीएम नाथ ने कहा कि, इस बार कांग्रेस प्रदेश में 22 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। वहीं, देश में इस बार भाजपा 160 सीटों पर सिमट जाएगी।

ये है शुक्ल का दौबारा 'हाथ' थामने का कारण

कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले विनोद शुक्ल ने मीडिया बातचीत में बीजेपी का साथ छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता लेने कारण बताया। उन्होंने कहा कि, इसके दो खास कारण हैं। एक तो कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की न्यूनतम आय गारंटी योजना है और दूसरी वजह बीजेपी खुद है। इसलिए उन्हें ये फैसला लेना पड़ा। बीजेपी से मोहभंग होने की बात पर विनोद शुक्ला ने कहा कि आज देश में जितना भी विकास दिख रहा है, वह कांग्रेस के कारण ही संभव हुआ है। अटकले लगाई जा रही थी कि विनोद शुक्ला को भाजपा रीवा से लोकसभा का टिकट देगी । लेकिन रीवा से पुन: वर्तमान सांसद जनार्दन मिश्रा को भाजपा ने चुनाव मैदान मे उतार दिया। अभी कांग्रेस मे रीवा लोकसभा के टिकट को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक माथापच्ची जारी है,उसी बीच विनोद शुक्ला के कांग्रेस मे शामिल होने से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अब कांग्रेस शुक्ल को क्या जिम्मेदारी देती है, इसपर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2uy2NWU
via

No comments