भोपाल से अब बीजेपी के इस दिग्गज नेता नाम सबसे आगे, इन सीटों पर फंस रहा पेंच
भोपालः लोकसभा चुनाव की तारीखें नज़दीक आते-आते राजनीतिक सरगर्मी तेज़ होती जा रही है। बीजेपी के समक्ष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय करना बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। प्रदेश की बड़ी सीटों पर उम्मीदवारों का चयन पार्टी के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। इसी के चलते भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, और विदिशा सीट पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। भोपाल सीट को लेकर बीजेपी की उलझन कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। वैसे तो ये सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, लेकिन कांग्रेस से दिग्विजय का नाम फाइनल होने के बाद बीजेपी इस सीट पर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसलिए यहां गहन चिंतन का सिलसिला चल रहा है। हालांकि, अब तक यहां से कई नेताओं का नाम सामने आ चुका है, लेकिन अब तक किसी नाम पर सेहमति बनती नज़र नही आई। अब इस सीट पर बीजेपी के दिग्गज नेता नरेंद्र सिंह तोमर का नाम चर्चा में आया है।
इस वजह से अब तक नहीं बन सकी उम्मीदवार पर सेहमति
दिग्विजय का नाम सामने आने के बाद भोपाल सीट से मौजूदा सांसद आलोक संजर का टिकट तो कट ही चुका है। अब तक इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सीएम उमा भारती, महापौर आलोक शर्मा और विष्णुदत्त का नाम काफी चर्चा में रहा है। लेकिन, कभी क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के विरोध और कभी आला नेताओं की असेहमति के चलते इन दिग्गजों के नाम पर भी सेहमति नहीं बनी। इस सब को देखते हुए पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री और मुरैना से भाजपा के प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर का नाम मंथन में सामने आया है। अगर तोमर भोपाल सीट से प्रत्याशी चुने जाते हैं, तो मुरैना सीट पर प्रदेश महामंत्री विष्णु दत्त शर्मा का रास्ता साफ हो जाएगा। फिलहाल, सीट चयन का अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को ही लेना है।
तोमर का नाम चर्चा में आने का कारण
आपको बता दें कि, ग्वालियर में बनी भितरघात की स्थिति के चलते तोमर ने आला कमान से अपनी सीट बदलने की मांग की थी, जिसके चलते पार्टी ने उन्हें मुरैना लोकसभा से उम्मीदवार चुना। लेकिन, पार्टी सूत्रों की माने तो वहां भी पार्टी को क्षेत्रीय नेताओं की नाराज़गी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए पार्टी अब इस चर्चा में जुटी है कि, अगर तोमर को भोपाल सीट से उम्मीदवारी कराई तो मुरैना में बनी नाराज़गी का भी हल हो जाएगा और भोपाल में दिग्विजय के खिलाफ पार्टी को दिग्गज दावेदार भी मिल जाएगा।
इन सीटों पर भाजपा ने उतारे उम्मीदवार
शुक्रवार को केंद्रीय संगठन ने प्रदेश के नेताओं से भोपाल समेत अन्य बड़ी सीटों को लेकर फीडबैक लिया। इसके बाद तीन सीटों की घोषणा की। इसमें दो वर्तमान सांसद बालाघाट से बोध सिंह भगत और खरगोन के सुभाष पटेल का नाम कैंसल किया गया। इनकी जगह बालाघाट से पूर्व मंत्री ढाल सिंह विशेन, खरगोन से नए चेहरे गजेन्द्र पटेल और राजगढ़ वर्तमान सांसद रोडमल नागर को टिकट मिला। इसके अलावा, इंदौर लोकसभा से मौजूदा सांसद सुमित्रा महाजन का टिकट लगभग काट दिया गया है। वहां भाजपा प्रदेश में सत्तारुढ़ दल कांग्रेस के उम्मीदवार का नाम सामने आने का इंतजार चल रहा है, तब तक पार्टी कोशिश में है कि संभावित उम्मीदवार को लेकर सुमित्रा महाजन की सहमति ले ली जाए। इसके अलावा गुना और ग्वालियर में पार्टी कांग्रेस की घोषणा के इंतेजार में है। फिलहाल, भाजपा ने लंबी जद्दोजहद के बाद अब तक 18 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये हैं। शेष 11 नामों की घोषणा अगले दो-तीन दिनों में होने की संभवना है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TKCEyn
via
No comments