Amarnath Yatra: बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए महंगी हुई यात्रा, श्रद्धालु जताएंगे विरोध
भोपाल. बाबा बर्फानी के दर्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं और पंजीयन की प्रक्रिया भी जोर शोर से जारी है, लेकिन श्रद्धालुओं को इस बार अमरनाथ के लिए हवाई यात्रा महंगी पड़ेगी।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने हेलीकॉप्टर के किराए में करीब 12.5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल भोपाल के सचिव रिंकू भटेजा के मुताबिक बढ़ोतरी से श्रद्धालुओं में रोष है।
वे भोपाल श्राइन बोर्ड के माध्यम से विरोध दर्ज कराएंगे। पिछले वर्ष नील घाट से पंचतरणी का किराया 1600 रुपए था, जो 1804 रुपए किया गया है। पहलगांव से पंचतरणी का किराया 2751 रुपए था, जो 3104 रुपए किया गया है।
मालूम हो कि पवित्र अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू होकर 15 अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगी। इसके पंजीयन की प्रक्रिया चार अप्रैल से शुरू हुई थी। शहर में जम्मू एंड कश्मीर बैंक और पीएनबी की न्यू मार्केट शाखा में पंजीयन हो रहे हैं।
अब तक शहर में 1200 से अधिक पंजीयन हुए हैं। जेएंडके बैंक के प्रबंधक अजय संब्याल ने बताया कि हमारे यहां अब तक 1050 पंजीयन हो चुके हैं, और पंजीयन की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
भीड़ के मद़देनजर अमरनाथ यात्रा के लिए पिछले कुछ वर्षों से तिथि के हिसाब से पंजीयन होता है। इसके तहत जिस यात्री का पंजीयन जिस तारीख के लिए है, उसे उसी तारीख को यात्रा शुरू करनी पड़ती है। दूसरी ओर अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों ने रोजाना मार्निंग वॉक, कसरत आदि शुरू कर दी है।
इधर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की तैयारियां भी पूरी हैं। जुलाई की शुरुआती तारीखों पर बालटाल और पहलगाम के रास्ते पंजीयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं। बालटाल के रास्ते 11 जुलाई और पहलगाम के रास्ते 16 जुलाई तक पंजीयन की प्रक्रिया जेएंडके बैंक में हो चुकी है। कुछ ही तारीखों पर पंजीयन की गुंजाइश है।
प्रशिक्षण भी देंगे
ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से शीघ्र ही प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी। रिंकू भटेजा ने बताया कि वे 17 बार अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। सावधानी बरतना जरूरी है। बालटाल से पवित्र गुफा तक की पैदल यात्रा 14 किमी की है और चंदनबाड़ी से 30 किमी का सफर तय करना होता है। इसलिए यात्री अधिक से अधिक पैदल चलें, जिससे यात्रा के दौरान उन्हें परेशानी न आए।
यह साथ ले जाएं
गर्म कपड़े : बर्फबारी, बारिश की स्थिति देखते हुए गर्म कपड़े, ईनर, मोजे आदि रखें।
ग्रिप वाले जूते : बर्फ में फिसलन से बचने के लिए का ग्रिप वाले जूतों का ही प्रयोग करें।
खाने-पीने का सामान: रास्ते में फंसने पर दिक्कत ना हो इसके लिए बैग में खाने-पीने का सामान रखें।
वॉटरप्रूफ पिट्ठू बैग: दर्शन के लिए जाते समय अपने साथ सामान के लिए सिर्फ वॉटरप्रूफ पिट्ठू बैग रखें।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2DAVBym
via
No comments