मोतीलाल वोरा की अंत्येष्टि में शामिल होंगे सीएम शिवराज, मध्यप्रदेश में तीन दिनों का राजकीय शोक - Web India Live

Breaking News

मोतीलाल वोरा की अंत्येष्टि में शामिल होंगे सीएम शिवराज, मध्यप्रदेश में तीन दिनों का राजकीय शोक

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज, पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिये रायपुर जायेंगे। शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक के बाद भोपाल से विमान द्वारा रायपुर रवाना होंगे, जहां वे पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

तीन दिन का राजकीय शोक
भूतपूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के निधन पर उनके सम्मान में प्रदेश में 3 दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में 21 दिसम्बर से 23 दिसम्बर, 2020 तक राजकीय शोक के दौरान प्रदेश-भर में राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। राजकीय शोक के दौरान प्रदेश में कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जायेगा।

सीएम ने व्यक्त किया था शोक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। चौहान ने कहा- भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिवारजनों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वर्गीय वोरा अजातशत्रु राजनेता थे। मध्यप्रदेश ने अपने पूर्व मुख्यमंत्री को खोया है। मैं वरिष्ठ राजनेता को श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा हूं। एक युग का अंत हुआ है। वोरा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने वाले राजनेता थे। वे गुण-दोष का विचार कर निर्णय लेते थे। उनका जाना प्रदेश के लिये अपूरणीय क्षति है।

1985 में बने थे पहली बार सीएम
मोती लाल वोरा पहली बार 13 मार्च 1985 को मध्यप्रदेश के सीएम बने थे। 13 फ़रवरी 1988 तक वो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उसके बाद वो 25 जनवरी 1989 से 8 दिसंबर 1989 तक मध्यप्रदेश के दोबारा सीएम बने।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3rimYEr
via

No comments