पहले कार चुराई, फिर उसी में बैठकर की लाखों रुपए की चोरियां - Web India Live

Breaking News

पहले कार चुराई, फिर उसी में बैठकर की लाखों रुपए की चोरियां

भोपाल. नए एवं पुराने शहर में सूने मकानों की तलाश कर चोरी करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। एडिशनल एसपी गोपाल धाकड़ ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद मंगलवार को अशोका गार्डन थाना क्षेत्र एकतापुरी मैदान में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। दोनों कार में बैठकर घूम रहे थे। जांच पड़ताल में जब कागज मांगे गए तो आरोपियों ने कागज नहीं दिखा पाए। व्हीकल डिटेक्शन पोर्टल पर जब गाड़ी का नंबर डालकर जांच की गई तो पता चला कि वाहन चोरी का है एवं इसे निशातपुरा क्षेत्र से वर्ष 2019 में चोरी किया गया था। आरोपियों को पकड़कर क्राइम ब्रांच थाने लाया गया एवं कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी इब्राहिम शाह उम्र 35 साल एवं सीताराम पंथी उम्र 27 साल ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले निशातपुरा से एक कार की चोरी की थी। इसमें बैठकर आरोपियों ने शहर में कई चोरियां कीं।

स्टेपनी बदलने की आड़ में तोड़ते थे ताले

आर्थिक तंगी की वजह से दोनों ने चोरी करने का रास्ता अख्तियार किया था। दोनों कार में बैठकर दिनभर कॉलोनियों के चक्कर लगाते थे और सूने मकान की तलाश करते थे। एक बार सूना मकान मिल जाने के बाद वहां पर रात में जाकर गाड़ी खड़ी करते थे और स्टेपनी बदलने का नाटक करने लगते थे। स्टेपनी बदलने की आड़ में घर का ताला तोड़कर अंदर घुस जाते थे। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, 70 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी सहित कुल आठ लाख रुपए का माल बरामद किया है।

विदिशा में भी मामले दर्ज
एडिशनल एसपी गोपाल धाकड़ ने बताया कि इब्राहिम शाह के ऊपर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 26 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार सीताराम पंथी के खिलाफ भी विदिशा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीताराम विदिशा का रहने वाला है एवं उसने वहां पर भी चोरी की कई वारदात को अंजाम दिया था।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2UZWsnB
via

No comments