सावन की झड़ी में शिवमय हुए श्रद्धालु
भोपाल. सावन माह के पहले सोमवार पर शहर शिवमय नजर आया। शिवालयों में सुबह से ही हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ के जयकारे गूंज रहे थे। सावन के पहले सोमवार पर एक ओर प्रकृति ने बौछारों से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया तो दूसरी ओर श्रद्धालुओं ने जल और दूध से भगवान का अभिषेक किया। सोशल डिस्टेंसिंग के चलते शहर के कई शिवालयों में जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए पाइप लगाए गए थे, ऐसे में श्रद्धालु दूर से ही पाइप के जरिए दूध और जल डालकर अभिषेक कर रहे थे।
बिड़ला मंदिर में दिन भर पहुंचे दर्शनार्थी
सावन सोमवार को बिड़ला मंदिर पूरे दिन खुला रहा। यहां दिन भर श्रद्धालु आते रहे। मंदिर के प्रबंधक केके पांडेय ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल श्रद्धालु अधिक थे, लेकिन कोरोना संंक्रमण के पहले जिस तरह संख्या रहती थी, उस हिसाब से आधे से भी कम संख्या रही।
गुफा मंदिर
लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रूद्राभिषेक किया गया। इसके बाद दर्शन का सिलसिला दिन भर चलता रहा। इस मौके पर मंदिर में शिव महिमा, शिव तांडव, रूद्री पाठ आदि हुआ और कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई।
यहां भी हुए आयोजन
सावन सोमवार के मौके पर शिव भवानी मंदिर हबीबगंज, सिद्धेश्वर शिव मंदिर नेहरू नगर, पिपलेश्वर मंदिर, झरनेश्वर मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, दुर्गाधाम मंदिर, वैष्णोधाम मंदिर, जलेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भगवान भोलेनाथ का अभिषेक, विशेष शृंगार और पूजा अर्चना की गई।
श्रीजी मंदिर में हिंडोला उत्सव
पुष्टिमार्ग सम्प्रदाय में श्रवण नक्षत्र के साथ ही हिंडोला उत्सव प्रारंभ हो जाते हैं, जो उत्तराभाद्रपद नक्षत्र तक चलते हैं। इसी के साथ रविवार को श्रीजी मंदिर में हिंडोला उत्सव की शुरुआत हुई। यह उत्सव 30 दिनों तक चलेंगे। मंदिर के श्रीकांत शर्मा ने बताया श्रीनाथ प्रभु को 14 फीट ऊंचे चांदी के झूले पर विराजमान किया और दर्शन हुए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2UPdkhb
via
No comments