प्रदोष पर शिवालयों में विशेष पूजा: हे भोलेनाथ! अब न आए तीसरी लहर, बारिश का सूखा भी करो दूर - Web India Live

Breaking News

प्रदोष पर शिवालयों में विशेष पूजा: हे भोलेनाथ! अब न आए तीसरी लहर, बारिश का सूखा भी करो दूर

भोपाल. शिव प्रदोष व्रत बुधवार को मनाया गया। यह दिन शिवपूजा के लिए विशेष फलदायी माना जाता है। बुधवार को शिव प्रदोष पर शहर के मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह भगवान का जलाभिषेक, रूद्राभिषेक किया गया, इसी प्रकार शाम को विभिन्न प्रकार के फूल सहित प्राकृतिक वस्तुओं से भगवान का शृंगार किया गया। इस दौरान भगवान भोलेनाथ से अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना की गई। धार्मिक अनुष्ठान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए किए गए। शहर के बड़वाले महादेव मंदिर में मोगरा, गुलाब सहित अन्य फूलों से भगवान वटेश्वर का आकर्षक शृंगार किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। सोशल डिस्टेंसिंग के बीच दर्शन हुए, साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी दर्शन कराए गए।

मुक्तेश्वर महादेव का फूलों से शृंगार
छोला विश्राम घाट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में भी भगवान मुक्तेश्वर का आकर्षक शृंगार किया गया। शिव प्रदोष के मौके पर भगवान का जलाभिषेक, रूद्राभिषेक हुआ और विभिन्न प्रकार के फूलों से आकर्षक शृंगार किया गया। इसी प्रकार लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में भी भगवान भोलेनाथ का फूलों और बेलपत्र से शृंगार किया गया। मंदिर के पं. लेखराज शर्मा ने बताया कि इस मौके पर भगवान भोलेनाथ से अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना की गई, साथ ही कोरोना की तीसरी लहर न आए इसके लिए भी विशेष प्रार्थना की गई।

खाटू श्यामबाबा के मंदिर में अखंड ज्योति जलाई
कोलार स्थित खाटू श्याम मंदिर का वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर अखंड ज्योत पाठ का समापन हुआ। भक्तों ने बाबा को निशान चढ़ाए और बाबा की ज्योति जलाई । इस मौके पर फूलों से श्याम बाबा का श्रंगार किया गया। इस दौरान कोरोना से मुक्ति के लिए उनके चरणों में अरदास लगाई गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3BtU2yg
via

No comments