प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया हंगामा
भोपाल. खजूरी थाना इलाके में रविवार रात एक किसान एवं प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे इससे पहले ही हत्यारे वहां फरार हो गए। गांव में खुलेआम युवक की हत्या के बाद ग्रामीण भड़क गए, जिन्हें मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बमुश्किल संभाला। गांव में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी हुई थी और पुलिस बल लगा हुआ था। पुलिस ने बताया कि, इलाके के बरखेड़ा बोंदर निवासी नफीस खान (45) कृषक था। वह प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करता था। नफीस देर शाम गांव की ओर जा रहा था, इसी दौरान उसे अज्ञात व्यक्तियों ने पीछे से गोली मार दी।
गोली सीने में जा घुसी
गोली पीठ से सीने में जा घुसी और नफीस मौके पर ही गिर गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे , लेकिन हत्यारों का पता नहीं चला। पुलिस को मौके की जांच में नफीस के शव के पास से एक खोखा मिला है जिसकी जांच कराई जा रही है। वहीं एफएसएल ने मौके की भी जांच की है जिससे वारदात के बारे में जानकारी मिल सकती है। पुलिस तकनीकी बिंदुओं की जांच कर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
गांजा पीने से मना करने पर ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या
टीटी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को इसकी सूचना मिली। मृतक के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है कि शहर के कुख्यात बदमाश हसीन कुरैशी उर्फ पप्पू चटका ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पप्पू चटका टीटी नगर थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। उस पर दो दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
टीटी नगर पुलिस ने बताया कि शाहिद खान पिता हमीद खान (27) पीडब्ल्यूडी क्वार्टर पंचशील नगर में रहता था। वह पेशे से ऑटो चालक था। देर रात बदमाश पप्पू चटका अपने साथियों के साथ मिलकर शाहिद के घर के पास खड़े होकर गांजा पी रहा था। मना करने पर उनका विवाद हो गया। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताय कि विवाद के बाद पप्पू चटका अपने साथियों हनुमान उर्फ बच्चा, राजीव, ऋतिक और एक अन्य के साथ मिलकर शाहिद के पेट पर चाकू से हमला करके फरार हो गया। रात करीब डेढ़ बजे घायल शाहिद को आसपास के लोग परिजन की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पेट में चाकू का गहरा घाव था। डॉक्टर से पुलिस को बताया कि मृतक के पेट में काटेनुमा चाकू से हमला किया था जिससे आंते बाहर आ गई थीं। खून अधिक बहने के कारण उसकी मौत हुई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VlXhYy
via
No comments