रुक-रुककर पड़ी बौछारें, दिन भर में छह मिमी बारिश
भोपाल. शहर में बादलों के आने-जाने के बीच रुक-रुककर बौछारों का सिलसिला जारी है। शनिवार को दिन में कई बार कुछ-कुछ देर के लिए बौछारें पड़ीं। लेकिन बारिश के लम्बे समय तक नहीं चलने के कारण बरसात का आंकड़ा ज्यादा नहीं बढ़ा। शाम तक कुल छह मिमी बारिश दर्ज की गई। बादल और बारिश के चलते तापमान में कुछ कमी आई है।
शहर में बादलों के छाए रहने के बीच रात का तापमान शुक्रवार की अपेक्षा एक डिग्री बढ़कर 24.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। दिन भर बौछारों और ठंडी हवाओं के बीच तापमान शुक्रवार की अपेक्षा एक डिग्री गिरकर 30.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है जो सोमवार तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। प्रदेश तक आते-आते इसकी ताकत और बढ़ सकती है जिससे अगले सप्ताह के अंत में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी।
अरब सागर से भी आ रही नमी
वर्तमान में कच्छ में भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना है जिससे अरब सागर की ओर से भी नमी भरी हवाएं आ रही हैं जिससे शुष्क और नमी भरी हवाओं के टकराव से गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है। अरब सागर की इन्हीं नम हवाओं के असर से सिस्टम के प्रदेश में आने पर और ताकतवर हो जाने का अनुमान है।
शुक्रवार से शनिवार सुबह तक खजुराहो में सबसे ज्यादा लगभग पांच इंच, नौगांव में सवा इंच, सिवनी में पौन इंच, दमोह में आधा इंच तो रीवा, गुना खंडवा, बालाघाट में चार से सात मिमी के बीच बारिश हुई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3BN7zk5
via
No comments