महिला के नाम पर स्टाम्प में दो फीसदी की छूट, इसके बाद भी 70 फीसदी रजिस्ट्री में पुरुष, कोविड के बाद ज्वाइंट रजिस्ट्री ज्यादा हो रहीं - Web India Live

Breaking News

महिला के नाम पर स्टाम्प में दो फीसदी की छूट, इसके बाद भी 70 फीसदी रजिस्ट्री में पुरुष, कोविड के बाद ज्वाइंट रजिस्ट्री ज्यादा हो रहीं

भोपाल. सरकार ने महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने में स्टाम्प में 2 फीसदी की छूट दे रखी है। इसके बाद भी लोग पत्नी, पुत्री या मां के नाम पर कम ही प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बाद इस नवरात्र प्रॉपर्टी बाजार में उछाल आने के बाद भी 70 फीसदी रजिस्ट्री पुरुषों के नाम पर ही हो रही हैं। जबकि लोग जानते हैं कि 20 लाख के छोटे से छोटे प्लॉट की रजिस्ट्री कराने में स्टाम्प में सीधे तौर पर 40 हजार की बचत होगी, इसके बाद भी ये ग्राफ बढ़ नहीं रहा। इसे विसंगति कहें या लोगों की सोच। फिलहाल स्थिति यही बनी हुई है।

रजिस्ट्री कराने से पूर्व रजिस्ट्री की डीड लिखने का काम सर्विस प्रोवाइडरों के यहां होता है। जिले में460 सर्विस प्रोवाइडर हैं जो पंजीयन विभाग से अधिकृत हैं। इसमें से प्रतिदिन लगभग सभी के यहां रजिस्ट्री डीड तैयार की जाती है। इन लोगों का कहना है कि प्रॉपर्टी खरीदने वालों में सभी का नजरिया अलग-अलग रहता है। कोविड के बाद ज्वाइंट प्रॉपर्टी की संख्या ज्यादा बढ़ी है, तो किसी ने बताया कि उनके यहां 50 फीसदी तक लोग महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी करा रहे हैं।

बढ़ रही जागरुकता, ज्वाइंट प्रॉपर्टी का चलन बढ़ा-सर्विस प्रोवाइडरों की जुबानी

सर्विस प्रोवाइडर अमित बताते हैं कि उनके यहां पिछले कई दिनों से जो रजिस्ट्री हो रही हैं उसमें 50 फीसदी लोग महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री करा रहे हैं। वहीं एक अन्य सर्विस प्रोवाइडर शिखा तापडिय़ा ने बताया कि महिलाओं के नाम पर लोग रजिस्ट्री करा रहे हैं, लेकिन एक और बड़ा बदलाव ये आया है कि कोरोना के बाद से लोग ज्वाइंट प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। सर्विस प्रोवाइडर महेश बताते हैं कि तीस फीसदी लोग महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री करा रहे हैं। सर्विस प्रोवाइडर माहिम लाल बताते हैं कि उनके क्षेत्र में 15 फीसदी तक लोग महिलाओं के नाम रजिस्ट्री कराने लगे हैं।

भोपाल में रजिस्ट्री संख्या--

इस वर्ष हुई रजिस्ट्री--34000

इस माह में 15 अक्टूबर तक हुई रजिस्ट्री--3149

- हर माह औसत-5 से 6 हजार रजिस्ट्री होती हैं, त्यौहार में ज्यादा

---------------------

महिलाओं को स्टाम्प में छूट

राज्य----पुरुष---महिलाएं

मप्र----12.5----10.5 (प्रतिशत )

हरियाणा--7------5(प्रतिशत )

पंजाब--7------5(प्रतिशत )

राजस्थान--6----5(प्रतिशत )

ओडिशा--5----6 (प्रतिशत )

नोट- ये अलग-अलग राज्यों का प्रॉपर्टी में लगने वाला स्टाम्प शुल्क है, सबसे कम ओडिशा में है, सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में)



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3aQKjG9
via

No comments