राज्यपाल बोले, अच्छी बातों को दिमाग में नहीं आचरण में रखना चाहिए - Web India Live

Breaking News

राज्यपाल बोले, अच्छी बातों को दिमाग में नहीं आचरण में रखना चाहिए

भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि आयुर्वेद से आरोग्य का ज्ञान बहुत लोगों को है। जरूरत उसे अपनाने की है। स्वस्थ जीवन के लिए खान-पान बहुत महत्वपूर्ण है। जड़ी-बूटियाँ और वनस्पतियों में होने वाले गुणों के संबंध में समाज में जागृति बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए। अच्छी बातों को दिमाग में नहीं आचरण में रखना चाहिए। स्वास्थ्य के लिए क्या सही है और क्या गलत इसकी जानकारी होने के बाद भी उसका पालन नहीं करना ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण है। राज्यपाल शनिवार को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं धनवंतरि जयंती के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। कार्यक्रम का आयोजन पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद संस्थान और आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते है कि जान है तो जहान है। इसे समझना जरूरी है। उन्होंने एक प्रसंग का जिक्र करते हुए बताया कि तम्बाकू की फसल की घेराबंदी नहीं की जाती क्योंकि उसे पशु नहीं खाते है। सिगरेट की डिब्बी पर भी स्वास्थ्य के लिए घातक होने की चेतावनी अंकित रहती है। फिर भी लोग तंबाकू खाते और सिगरेट पीते है। स्वास्थ्य की देखभाल और सावधानियों का पालन व्यक्ति की जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन से किया। स्मारिका का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने जबलपुर के होम्योपैथिक चिकित्सक एन.सोलिएप्पन और रीवा के आयुर्वेदाचार्य वंशवर्धन तिवारी का उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मान किया गया।

आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रामकिशोर कांवरे ने बताया कि प्रदेश में अनेक प्रकार की जड़ी-बूटियाँ उपलब्ध है। हर्बल गार्डन की रचना की गई है। महाविद्यालयों में शोध के कार्य भी कराए जा रहे है। कोरोना की महामारी के दौरान विभाग द्वारा आगे बढ़कर उपचार और रोकथाम के कार्यों में सहयोग किया गया है। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता डॉ. अशोक कुमार वाष्र्णेय ने बताया कि देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आव्हान किया कि वे 75 व्यक्तियों और परिवारों में आरोग्य के प्रति जागृति उत्पन्न करें। कार्यक्रम में महासचिव आरोग्य भारती सुनील जोशी ने संस्था के कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद संस्थान भोपाल के प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने दिया। आभार प्रदर्शन आरोग्य भारती के मधुसूदन द्वारा किया गया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3nLDsDY
via

No comments