फूलों से सजी नाव में चंद्रमा की रोशनी में श्रीजी करेंगे नौका विहार - Web India Live

Breaking News

फूलों से सजी नाव में चंद्रमा की रोशनी में श्रीजी करेंगे नौका विहार

भोपाल. शरद पूर्णिमा का पर्व 20 अक्टूबर को श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग खुले आसमान के नीचे दूध को औटाकर खीर बनाएंगे, मध्यरात्रि में चंद्रमा की दूधिया रोशनी इस खीर पर अमृत वर्षा करेगी और भगवान को इस खीर भोग लगााकर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके अलावा घरों और मंदिरों में भजन, कीर्तन सहित धार्मिक आयोजन होंगे। शरद पूर्णिमा का पर्व मान्यता अनुसार सभी कलाओं से युक्त चंद्रमा इस दिन अमृत की वर्षा करते हैं, इसलिए इस दिन रात्रि में खुले आसमान के नीचे लोग दूध को उबालते हैं, ताकि चंद्रमा की सीधी किरणें उस दूध पर पड़े। यह औषधियुक्त खीर माना जाती है, जो कई तरह की बीमारियों से भी राहत प्रदान करती है। इस दिन कई दमा रोगियों को भी कई जगह औषधियुक्त खीर वितरित की जाती है।

चलित प्रतिमाएं लेकर शीतलदास की बगिया पहुंचेंगे
शरद पूर्णिमा के मौके पर भगवान वटेश्वर और मां भवानी को नौका विहार कराया जाएगा। नौका विहार कार्यक्रम 20 अक्टूबर को शीतलदास की बगिया में होगा। बड़वाले महादेव मंदिर समिति के संजय अग्रवाल और प्रमोद नेमा ने बताया कि देर शाम को मंदिर से मां भवानी और भगवान वटेश्वर की चलित प्रतिमाएं लेकर शीतलदास की बगिया पहुंचेंगे। यहां फूलों से सजी नाव में भगवान को चंद्रमा की दूधिया रोशनी में नौका विहार कराया जाएगा।

राधा-कृष्ण मंदिर से निकलेगा चल समारोह
इस अवसर पर राधा कृष्ण को भी नौका विहार कराया जाएगा। हिन्दू उत्सव समिति की ओर से हर साल शरद पूर्णिमा पर घोड़ा नक्कास स्थित राधा कृष्ण मंदिर से चल समारोह निकाला जाता है। यहां प्रतिमाएं लेकर श्रद्धालु शीतलदास की बगिया पहुंचते है। हिंउस के कार्यवाहक अध्यक्ष कैलाश बेगवानी ने बताया कि शरद पूर्णिमा पर भगवान को नौका विहार कराया जाएगा। श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर शीतलदास की बगिया पहुंचेंगे, जहां नौका विहार कार्यक्रम होगा।

मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन और शृंगार
शहर के राधाकृष्ण मंदिरों में भी भगवान का विशेष शृंगार के आलवा अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे और भगवान को खीर का भोग लगाया जाएगा। शहर के राधाकृष्ण मंदिर बरखेड़ी, श्रीजी मंदिर लखेरापुरा, बांके बिहारी मंदिर चौबदारपुरा सहित अनेक मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3aNgW7R
via

No comments