जान बचाने भाग रहा था 10 साल का बच्चा, एक पत्थर ने छीन ली आंखें
हरदा हादसे में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी तो कई लोग हादसे में घायल हुए हैं। हादसे के दौरान कई मरीजों को भोपाल रेफर किया गया था। जिनका इलाज हमीदिया और एम्स में चल रहा है। हादसे के दौरान किसी की आंखों की रोशनी चली गई तो किसी के सिर से छोटे-छोटे पत्थर निकाले गए हैं। इतनी ही नहीं 108 एंबुलेंस की टीम ने लगभग साढ़े चार सौ लोगों को अस्पताल पहुंचाया है।
10 साल के बच्चे ने गंवाई आंखों की रोशनी
हादसे में एक 10 साल के बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगने से आंख की रोशनी चली गई है। एम्स में बच्चे का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि पत्थर बच्चे के सिर के पीछे लगा होगा। जहां आंखों से जुड़ी नसें मौजूद होती है। अभी इलाज जारी है, बच्चा भविष्य में देख सकेगा या नहीं यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता है।
दो साल के बच्चे के सिर से निकाले गए पत्थर
एम्स भोपाल में मंगलवार की रात को दो साल के बच्चे के सिर से सर्जरी करके छोटे-छोटे पत्थर निकाले गए हैं। जानकारी के अनुसार, न्यूरो सर्जरी विभाग की टीम ने तत्काल सर्जरी की योजना बनाई। जिसके बाद ऑपरेशन किया गया। बच्चे की सर्जरी सफल रही है। बुधवार को बच्चा स्टाफ के साथ खेल-कूद रहा था। बच्चे को मानसिक रूप से हादसे से बचाने के लिए उसे व्यस्त रखा जा रहा है। खेल-खेल में उसे खाना भी खिलाया गया है,साथ ही बच्चे को खुश रखने का प्रयास भी किया जा रहा है।
हादसे में घायल 34 मरीजों को किया गया था भोपाल रेफर
भोपाल के हमीदिया 27 मरीज और एम्स में 7 मरीजों को रेफर किया गया था। हमीदिया अस्पताल में मंगलवार को 11 मरीजों का 6 घंटे में तत्काल ऑपरेशन भी किया गया था। अस्पताल में 20 से ज्यादा डॉक्टरों के साथ डेढ़ सौ स्टाफ ने 18 घंटे मोर्चा संभाला था। इन्हें बुधवार की सुबह चार घंटे की छुट्टी दी गई थी। एम्स में भी ऐसी ही स्थिति बनीं रही।
108 एंबुलेंस की टीम ने संभाला मोर्चा
108 एंबुलेंस के करीब साढ़े चार सौ लोगों की टीम ने घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की थी। इसमें 160 ड्राइवर, 120 कॉल सेंटर एजेंट सहित हेल्पर व अन्य लोग शामिल थे। 108 के सीनियर मैनेजर तरुण सिंह ने पत्रिका से बताया कि एंबुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई। इसके साथ ही फील्ड यूनिट तैयार की गई थी। जिसमें 11 जिले के स्टाफ को लगाया गया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/O9rNEam
via
No comments