डीबी मॉल में बड़े फूड चेन रेस्टोरेंट से लिए पास्ता, क्रिस्पी चिकिन, काजू टुकड़ी के सैंपल
भोपाल. डीबी मॉल स्थित फूड जोन में संचालित हो रहे बड़े फूड रेस्टाेरेंट मैकडोनाल्ड, पिज्जा हट, केएफसी सहित सात प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल लिए हैं। शनिवार और रविवार को डीबी मॉल के रेस्टोरेंट में काफी भीड़ रहती है। ऐसे में ये लोग क्या परोस रहे हैं, किस तरह का खाद्य तेल उपयोग कर रहे हैं, इसको लेकर टीम ने कार्रवाई की है।
जिला अभिहित अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि कई ऐसी खाद्य सामग्री है जिनका क्रेज युवाओं में काफी बढ़ गया है। मैकडोनाल्ड से कुक्ड फ्रेंच फ्राइस और पाम तेल के सैंपल लिए गए। पिज्जा हट से क्लासिक मखनी पिज्जा और मैदा के सैंपल लिए गए हैं। केएफसी से हॉट एंड क्रिस्पी चिकिन, दस डाउन स्ट्रीट से काजू टुकड़ी और मैदा के सैंपल लिए हैं। वाओ मोमो से नूडल्स और पनीर के सैंपल, पिचर्स रेस्टोरेंट से मगज और मैसूर मसाला से बेसन लिए गए हैं। सैंपल को जांच के लिए स्टेट लैब में भेजा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मावा में मिली डालडा, पनीर में निकला कम फैट
शुक्रवार को ग्वालियर की ओर से आए 31.5 क्विंटल मावा तथा 6.5 क्विंटल पनीर के अवमानक होने की आशंका के चलते सैंपल लिए गए थे। शनिवार को हुई जांच में मावा के छः में से दो सैंपल और पनीर के दोनों सैंपल अवमानक पाए गए। मावा के चार सैंपल मानकों के भीतर मिले हैं। ऐसे में 12 क्विंटल मावा तथा 6.5 क्विंटल पनीर को नष्ट किया जाएगा। फेल होने वाले सैंपल के संबंध में एडीएम हरेंद्र नारायण की कोर्ट में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें पांच लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया मावा में डालडा और पनीर में कम फैट पाया गया है। फेल होने वाले सैंपल के मावा और पनीर को खंती में नष्ट कराया जाएगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/XzbtaZN
via
No comments