सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना में किया संशोधन, अब 1000 नहीं 250 रुपये सालाना में भी खुल सकेगा खाता
सुकन्या समृद्धि योजना : 250 रुपए सालाना जमा करने पर 21 साल में बेटी की शादी के लिए मिलेगी बड़ी राशि
दिल्ली। केंद्र सरकार ने सुकन्या समृद्धि खाता नियम, 2016 में संशोधन कर इसे आौर भी आसान बना दिया है। अब इस खाते को खोलने के लिए सालाना 1000 रुपए की बजाय 250 रुपये ही जमा कराने पड़ेंगे। सरकार के इस कदम से ज्यादा से ज्यादा लोग योजना का लाभ ले सकेंगे। इस योजना का लाभ कैसे लें और कितना फायदा होगा आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं :
आठ प्रतिशत से ज्यादा मिलता है ब्याज
आपको जानकारी हो कि सुकन्या समृद्धि खाते पर ब्याज दरों को अन्य लघु बचत योजनाओं और पीपीएफ की तरह प्रत्येक तिमाही में संशोधित किया जाता है। जुलाई - सितंबर की तिमाही के लिए ब्याज दर 8.1 प्रतिशत तय की गई है। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने 2018-19 के अपने बजट भाषण में दावा किया था कि 2015 में शुरू सुकन्या समृद्धि खाता योजना में नवंबर , 2017 तक देशभर में छोटी लड़कियों के नाम पर 1.26 करोड़ खाते खोले गए थे। इन खातों में 19,183 करोड़ रुपये जमा हुए थे।
सुकन्या समृद्धि खाता खोलने का तरीका
इस योजना के तहत 10 साल से कम उम्र की लड़की के माता - पिता या कानूनी अभिभावक उसके नाम पर खाता खोल सकते हैं। खाता किसी डाकघर शाखा या अधिकृत सरकारी बैंक की शाखा में खोला जा सकता है। इस खाते में जमा और परिपक्वता राशि पर आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत कोई टैक्स नहीं लगता। नए नियमों के हिसाब से इस खाते में न्यूनतम 250 रुपये जमा कराने की जरूरत होगी। एक साल में इस खाते में अधिकतम 1.5 लाख रुपए जमा किए जा सकते हैं। यह खाता 21 साल तक की अधिकतम अवधि के लिए होता है।
खाता खोलने के लिए ये दस्तावेज जरूरी हैं
क्रम दस्तावेज
1. सुकन्या समृद्धि अकाउंट खोलने का फॉर्म।
2. बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र।
3. बच्ची के माता-पिता या अभिभावक का पहचान पत्र जैसे (पैन कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि)।
4. बच्ची के माता-पिता या अभिभावक के पते का प्रमाण पत्र (पासपोर्ट, राशन कार्ड, बिजली बिल, टेलीफोन बिल, पानी का बिल)
5. SSY का फॉर्म आप पोस्ट ऑफिस या बैंक से ले सकते हैं।
फायदे को ऐसे समझें
साल 2018 में अगर कोई व्यक्ति 1,000 रुपए महीने से सुकन्या समृद्धि खाता खोलता है तो उसे 14 साल तक यानी 2031 तक हर साल 12 हजार रुपए जमा करना होंगे। इस तरह 14 साल में 1.68 लाख रुपए जमा होंगे। 2018 में इस योजना की ब्याज दर 8.1% है। इस दर से जब बच्ची 21 साल की होगी तो उसे 5,27,036 रुपए मिलेंगे। इसी तरह 500 प्रति माह जमा करने पर 2 लाख 38 हजार रुपए मिलेंगे।
14 साल तक पैसे जमा करने होंगे
21 साल बाद खाता परिपक्व होने पर उस लड़की को इसका भुगतान किया जाएगा जिसके नाम पर खाता खोला गया है। खाता खोलने की तारीख से 14 साल तक इसमें राशि जमा कराई जा सकती है। उसके बाद खाते पर उस समय लागू दरों के हिसाब से ब्याज मिलेगा।
किसको होगा फायदा
सरकार के इस फैसले से गरीब परिवारों को फायदा होगा। खासकर वो परिवार भी योजना का लाभ ले सकेंगे दैनिक मजदूरी करके बच्चों का पेट पाल रहे हैं। इसके साथ ही ऐसे परिवार जो गांवों बसते हैं और उनकी आय के साधन बहुत सीमित हैं। वो भी 250 रुपए सालाना इस योजना में निवेश कर सकते हैं।
खाता धारक की मृत्यु पर परिजनों को मिलेगी राशि
सवाल 1. बीच में पैसे की जरूरत पड़ी तो क्या पैसे निकल सकते हैं।
जवाब - बीच में कोई पैसा नहीं निकाला जा सकता और ना ही खाता बंद होता है।
2. क्या बीच में खाता बंद कर सकते हैं ।
जवाब - नहीं, बेटी 21 की होने तक नहीं।
3.अगर खाता धारक की मृत्यु हो जाए तो।
जवाब - खाता धारक की मृत्यु हो जाए तो डेथ सर्टिफिकेट दिखाकर खाता बंद कराया जा सकता है। इसके बाद खाते में जमा रकम बच्ची के अभिभावक को ब्याज सहित वापस मिल जाती है।
4. कितने साल पैसा जमा करना होगा।
जवाब - 14 साल तक। छमाही सालाना जैसी आप चाहो वैसी किस्त में।
5. क्या बीच में पैसा मिलता रहेगा।
जवाब- नहीं। मैच्योरिटी में मिलेगा पूरा।

No comments