3 अगस्त से प्रारंभ होगी कर्मश्री की कांवड़ यात्रा, संतनगर में मां नर्मदा की चुनरी यात्रा निकालकर होगा शुभारंभ
भोपाल। कर्मश्री की कांवड़ यात्रा का 3 अगस्त को चुनरी यात्रा निकालकर संत हिरदाराम नगर से शुभारंभ किया जाएगा। इसी को लेकर रविवार को संतनगर के नवयुवक सभा भवन में आयोजक संस्था कर्मश्री की बैठक हुई, जिसमें चुनरी यात्रा के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के संबंध में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। कर्मश्री के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि 3 अगस्त, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे सीहोर नाका स्थित झूलेलाल विसर्जनघाट से चुनरी यात्रा प्रारंभ होगी जो संत हिरदाराम जी की कुटिया पहुंचेगी, यहां संतजी के समाधि स्थल पर माथा टेककर कांवड़ यात्री मां नर्मदा का जल लेने होशंगाबाद के लिए रवाना होंगे। चुनरी यात्री में 5 हजार से ज्यादा महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे विधायक शर्मा ने कहा कि चुनरी यात्रा मोक्ष दायिनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के प्रति सच्ची श्रद्धा और आस्था का केंद्र है। संत नगर से निकलने वाली चुनरी यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु भक्त माता की चुनरी के दर्शन उनके स्पर्श कर अपनी आस्था मां नर्मदा को अर्पित करने के लिए होशंगाबाद के लिए रवाना होंगे।
बैठक में पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष साबूमल रीझवानी, मूलचंद वीधानी, किशन अच्छानी, माखन राजपूत, परसराम आसवानी, वासुदेव वाधवानी, नरेश केवलरामनी, पृथ्वीराज त्रिवेदी, दीपा वासवानी, राम बंसल, राहुल राजपूत, सूरज यादव, बब्लू चावला, सुनील जाट, हरीश बिनवानी, महेश खटवान, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
No comments