श्रावण मास के तीसरे दिन पहले श्रावण सोमवार पर शिवालयों में भक्तों का मेला लगेगा
भोपाल। श्रावण मास के तीसरे दिन पहले श्रावण सोमवार पर शिवालयों में भक्तों का मेला लगेगा। ओम नम: शिवाय और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच लोग दूध व जल से भोलेनाथ का अभिषेक करने के साथ ही पुष्प, बिल्व पत्र और धतूरा आदि अर्पित कर पूजा-आरती करेंगे। पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जाएगा। शिवालयों को सजाया गया है। शिव मंदिर भोजपुर, गुफा मंदिर लालघाटी, नेवरी, पशुपतिनाथ गोविंदपुरा, बिड़ला मंदिर, गिन्नौरी व झरनेश्वर महादेव मंदिर बाणगंगा आदि में सर्वाधिक भीड़ रहेगी।
बड़वाले महादेव मंदिर में प्रकृति से जुड़ने व पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देने माह के सभी सोमवार पर शिव का फूल, धतूरा, बिल्व पत्र व अन्य वनस्पतियों से शृंगार किया जाएगा। मंदिर समिति के संजय अग्रवाल व प्रमोद नेमा ने बताया कि पहले सोमवार पर मथुरा से मंगाए मोगरा, गुलाब, रजनीगंधा व अन्य पुष्पों का बंगला बनाकर भगवान को उसमें विराजमान किया जाएगा। सुबह सात बजे से रुद्राभिषेक, 9 बजे आरती और रात्रि 9 बजे शृंंगार आरती, दर्शन तत्पश्चात रात्रि 1 बजे शयन आरती होगी। मुरलीवाला ग्रुप द्वारा रात्रि 8 बजे से भजनों की प्रस्तुति होगी।
- गुफा मंदिर में शिवालय के गौमुख द्वार को हरियाली का संदेश देने हरे पत्तों व पुष्पों से सजाया जाएगा। बड़वाले महादेव मंदिर में भी पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोगरा, गुलाब व गेंदा आदि पुष्पों से भगवान बटेश्वर का शृंंगार किया जाएगा। ब्रह्म समागम सवर्ण जन कल्याण संगठन द्वारा बाल हनुमान मंदिर चूनाभट्टी कोलार में सोमवार से 12 ज्योतिर्लिंगो का निर्माण शुरू किया जाएगा। यहां आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने की मांग को पूरा कराने की कामना के साथ अभिषेक होगा।
- पं.भंवरलाल शर्मा के अनुसार शिव को श्रावण मास अतिप्रिय है। श्रावण का संबंध बारिश से है। शिव के मंत्र भी पर्यावरण से जुड़े हैं, जैसे भवाय जल मूर्तये नम:, ओम उग्राय वायु मूर्तये नम: ओम पशुपत्ये मूर्तये नम:। पंडितों का कहना है कि सावन के सभी सोमवार पर कोई न कोई शुभ योग का संयोग रहेगा। ज्योतिषी अंजना गुप्ता का कहना है कि श्रावण अति पावन माह होता है। यह एकमात्र ऐसा माह है, जो सभी को प्रकृति की सुरक्षा का संदेश देता है। शिव को जल, बिल्व व अन्य वनस्पति चढ़ा कर हम प्रकृति की भी पूजा करते हैं। सोमवार को दुर्गाधाम अशोका गार्डन, पिपलेश्वर महादेव मंदिर नेहरु नगर आदि मंदिरों में पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। शिवालयों को सजाया जा रहा है।
ज्योतिर्लिंगों का निर्माण:आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग को लेकर ब्रह्म समागम सवर्ण जन कल्याण संगठन द्वारा बाल हनुमान मंदिर चूना भट्टी में सोमवार को मिट्टी से दोपहर 3 बजे 12 ज्योतिर्लिंगों का निर्माण प्रारंभ होगा। आचार्य पंडित जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि इन ज्योतिर्लिंगों की पांच दिनों तक दूध, दही, घी, मक्खन, और शहद से रुद्राभिषेक किया जाएगा। साथ ही सवा क्विंटल राई भी सिद्ध की जाएगी। आयोजक धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि शिवलिंग निर्माण के समापन पर संगठन द्वारा 3 अगस्त को वाहन रैली काली मंदिर चूना भट्टी से गणेश मंदिर हबीबगंज तक निकाली जाएगी। इस दौरान सडकों पर विरोध स्वरूप राई फैंककर जातिगत आरक्षण के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
अमरनाथ और सिंधु नदी के जल से शिव का अभिषेक:ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के तत्वावधान में श्रावण सोमवार की पूर्व बेला में इंद्रपुरी स्थित महादेव मंदिर में भगवान शिव का अमरनाथ गुफा व सिंधु ननदी से लाए गए जल से अभिषेक कर देश की सुख-समृद्धि व अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की गई। जलाभिषेक करने वालों मेें सचिव रिंकू भटेजा, गुड्डू अग्रवाल, योगेश श्रीवास्तव, मनोज पांडे, गजेंद्र ठाकुर, प्रदीप सोनी व राजकुमार रघुवंशी आदि शामिल थे।

No comments