तितली तूफान: बारिश के बाद भूस्खलन से ओडिशा में 12 की मौत, 3 जख्मी; गंजाम जिले में सबसे ज्यादा असर
- गंजाम जिले में शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने लोगों को रेस्क्यू किया
भुवनेश्वर| ओडिशा में तितली तूफान के बाद भारी बारिश और भूस्खलन में कम से कम 12 लोगों के मारे जाने की आशंका है। तीन लोग जख्मी हो गए हैं। गजपति जिले के रायगढ़ा ब्लॉक में शुक्रवार शाम को यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव के कुछ लोग भारी बारिश से बचने के लिए एक गुफा जैसी जगह में शरण लिए हुए थे। विशेष राहत आयुक्त पीवी सेठी ने इस हादसे की पुष्टि की है।
पीवी सेठी ने बताया कि जगह-जगह भूस्खलन और पेड़ गिरने की वजह से लोगों तक राहत पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। हादसे वाली जगह आंध्रप्रदेश और ओडिशा बॉर्डर पर है। वहां पहुंचना आसान नहीं है। राहत टीम को 17 किमी पैदल चलना होगा। हालांकि, शुक्रवार की तुलना में आज कई इलाकों में पानी का स्तर कम हुआ है। 963 राहत कैम्प बनाए गए हैं। इनमें 1,27, 262 लोग शरण लिए हैं।
गंजाम में सबसे ज्यादा हालात बिगड़े: बारिश और बाढ़ से राज्य के गंजाम, पुरी, कंधमाल, केंद्रपाड़ा, रायगढ़ा और गजपति जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। इनमें सबसे ज्यादा खराब हालात गंजाम जिले में हैं। सेठी ने बताया कि लोगों को रेस्क्यू करने के लिए हमने नेवी से दो हेलिकॉप्टर की मदद ले रहे हैं। इन 6 जिलों में करीब 60 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
तितली से आंध्र को 2800 करोड़ का नुकसान: आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को बताया कि तितली तूफान से उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश में करीब 2800 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फौरन 1200 करोड़ रुपए की सहायता राशि मुहैया कराने की अपील की है। राज्य के श्रीकाकुलम और विजयनगरम जिले में भारी तबाही हुई है। इन इलाकों से 11 अक्टूबर को तितली तूफान टकराया था। तब इसकी रफ्तार 165 किमी प्रति घंटा थी। इस दौरान कई इलाकों में 10 सेमी से 43 सेमी तक बारिश हुई।



No comments