दतिया: पीतांबरा पीठ पहुंचे राहुल, इंदिरा-राजीव भी कर चुके हैं दर्शन - Web India Live

Breaking News

दतिया: पीतांबरा पीठ पहुंचे राहुल, इंदिरा-राजीव भी कर चुके हैं दर्शन

दतिया|  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को ग्वालियर पहुंचे। यहां से वह हेलिकॉप्टर से दतिया पहुंचे। वहां विधि-विधान से मां पीतांबरा की पूजा-अर्चना की। इससे पहले राहुल भोपाल में विश्वकर्मा मंदिर और चित्रकूट में कामतानाथ मंदिर में मत्था टेक चुके हैं। इसके बाद अब वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.20 बजे रवाना होकर 2.40 पर डबरा पहुंचेंगे। यहां सभा संबोधित करने के बाद 4.40 बजे हेलिकॉप्टर से ग्वालियर आकर जयविलास परिसर में उतरेंगे। यहां रोड शो आैर सभा को संबोधित करने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे।
 दो बार रोका जाएगा यातायात: राहुल गांधी सुबह 10.50 बजे ग्वालियर से दतिया के लिए हेलिकॉप्टर जाएंगे। वहां से उनके रवाना होते ही खैरी माता मंदिर से पीतांबरा पीठ तक ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। करीब 45 मिनट बाद राहुल गांधी के पीतांबरा पीठ पहुंचने पर सुबह 11.35 बजे ट्रैफिक खोला जाएगा। मंदिर पर दर्शनों के बाद जब राहुल गांधी स्टेडियम के लिए रवाना होंगे तो ट्रैफिक दोबारा बंद कर दिया जाएगा। उनके स्टेडियम पहुंचने पर ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा। आमसभा खत्म होने से पांच मिनट पहले पुन: ट्रैफिक बंद होगा। ट्रैफिक राजगढ़ चौराहा, बम बम महादेव, बस स्टैंड बायपास, हमीरपुर तिराहा और खैरी माता मंदिर पर रोका जाएगा। 
एसपीजी घेरे के साथ एक हजार जवान रहेंगे तैनात: राहुल गांधी हवाई पट्‌टी, पीतांबरा पीठ और स्टेडियम मैदान पर एसपीजी घेरे में रहेंगे। इसके अलावा पुलिस के करीब एक हजार जवान हवाई पट्‌टी से पीतांबरा पीठ और स्टेडियम मैदान पर तैनात किए गए हैं। बाहर से भी पुलिस बल बुलवाया गया है। स्टेडियम पर मंच से जनता के बीच की दूरी 50 मीटर से ज्यादा रहेगी। पत्रकारों का भी डी में प्रवेश नहीं होगा। पूरी व्यवस्था एसपीजी अधिकारी खुद देख रहे हैं।
कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं गुरुदेव शरण गुप्ता: स्टेडियम मैदान पर होने जा रही कांग्रेस की आमसभा में दतिया जिले से तीन लोग राहुल के समक्ष कांग्रेस का दामन थाम सकती हैं। दतिया जिले के सबसे बड़े कारोबारी रतनलाल सर्राफ एंड संस के मालिक राधेश्याम अग्रवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गुरुदेव शरण गुप्ता और किरण बांके बिहारी शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। 
इंदिरा-राजीव के बाद अब राहुल: पहले राहुल देवास में मां चामुंडा के दर्शन करने वाले थे पर बाद में उनकी इच्छा के बाद ही मंदिर दर्शन का स्थल बदला गया। वे गांधी परिवार के तीसरे सदस्य हैं, जो मां पीतांबरा के दर पर मत्था टेकेंगे। राहुल से पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी तीन बार, जबकि पिता राजीव गांधी एक बार यहां दर्शन कर चुके हैं। यही नहीं, 1962 में चीन आक्रमण के समय राष्ट्र रक्षा के लिए पीतांबरा पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी जी महाराज ने यज्ञ करवाया था। इंदिरा गांधी पहली बार 1979 में, दूसरी बार 1980 में चुनाव के पहले और तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर पीतांबरा पीठ गई थीं। वहीं, राजीव गांधी 1985 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यहां आए थे।
हर बार मंदिर जाना नहीं भूल रहे राहुल: मध्यप्रदेश की 230 में से 109 सीटों पर 8 विख्यात धर्मस्थलों का प्रभाव है। राहुल भोपाल में विश्वकर्मा मंदिर और चित्रकूट में कामतानाथ मंदिर में मत्था टेक चुके हैं। जबलपुर में राहुल नर्मदा आरती में शामिल हुए थे। 
मध्यप्रदेश में  मंदिरों के असर वाली कितनी सीटें
महाकाल दरबार: 33
पीतांबरा पीठ : 28
रामराजा दरबार: 11
सलकनपुर मंदिर: 9
मैहर, कामतानाथ: 28

No comments