आप से जुड़ीं रिटायर्ड विंग कमांडर अनुमा, पहले शाह ने दिया था आश्वासन, पर नहीं बनी बात
भोपाल। अनुमा आचार्य। भारतीय वायुसेना की रिटायर्ड विंग कमांडर। विदिशा निवासी अनुमा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। वे वायुसेना की ऐसी पहली महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा है। अक्टूबर 2017 में सेना से वीआरएस ले चुकीं अनुमा के साथ माउंट एवरेस्ट पर 5600 मीटर तक बिना उपकरण के चढ़ने वालीं शिक्षाविद् अरुणा नंदा और महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रहीं राजश्री सिंह भी आप में शामिल हो गई हैं। अनुमा ने बताया कि उनका लक्ष्य क्या होगा।
- गुजरात चुनाव में भाजपा के लिए आपने काम किया। मोदी और शाह की गुड बुक में भी आपका नाम आता था, फिर आप का दामन क्यों थामा?
- आप पार्टी में कोई गंदगी नहीं है। धोने के लिए कोई गुनाह नहीं है। वह कोरी स्लेट है। विदिशा के लिए काम करना चाहती हूं, इसलिए आप को ज्वाइन किया। मैंने मोदीजी को अपनी प्रोफाइल भेजी और कहा- विदिशा में काम करना चाहती हूं। उस दौरान गुजरात में चुनाव थे, उन्होंने कहा पहले जाकर देखो- काम कैसे होता है। 35 दिन वहां रही। जब अमित शाह को रिपोर्ट दी तो उन्होंने कहा- आपके लिए सोच रहा हूं, लेकिन आगे कोई बात नहीं हुई।
- विदिशा से ही चुनाव क्यों लड़ना चाहती हैं?
- अगर पार्टी ने मुझे मौका दिया तो मुझे हर चुनौती स्वीकार है। जैसे दिल्ली में आप सरकार ने लोगों की बेहतरी के लिए काम किए हैं, वैसे ही मैं विदिशा के लोगों के लिए करना चाहती हूं।
- आपने सेना में महिलाओं के लिए पेंशन की लड़ाई लड़ी और जीतीं भी। इसके बारे में कुछ बताएं?
- वायुसेना में महिलाओं को पेंशन का प्रावधान नहीं था। समानता के अधिकार के तहत कोर्ट में केस लड़ा। 15 साल की सेवा के बाद 2008 में मेरा रिलीज ऑर्डर जारी हो गया था। 2009 में मैंने केस लगाया। 2010 में फिर से वायु सेना ज्वाइन की। अक्टूबर 2017 में वीआरएस ले लिया।
परिवार के बारे में
- नाम : अनुमा आचार्य, रिटायर विंग कमांडर (भारतीय वायु सेना)
- पति : कमांडर सौरभ भटनागर, नौसेना की एयरविंग में कमांडर थे, अब निजी एयरलाइन में पायलट हैं।
- बेटा : विहान, इकोनॉमिक्स में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।
- अवॉर्ड : 2008 में वायुसेना अध्यक्ष का मेडल, गाडफ्रे फिलिप ब्रेवरी अवॉर्ड।

No comments