नोटबंदी में 500 का नोट 400 में और 1000 का 800 में बिका : दिग्विजय - अमित शाह और अहमदाबाद के सहकारी बैंकों पर लगाया गोलमाल का आरोप - Web India Live

Breaking News

नोटबंदी में 500 का नोट 400 में और 1000 का 800 में बिका : दिग्विजय - अमित शाह और अहमदाबाद के सहकारी बैंकों पर लगाया गोलमाल का आरोप

भोपाल। नोटबंदी में अमित शाह के साथ अहमदाबाद के कई सहकारी बैंक शामिल थे। इस दौरान 100 रुपये का नोट 700 से 800 रुपये में और 500 रुपये का नोट 350 से 400 रुपये में बेचा गया। पूरे मामले में बैंक और भ्रष्टाचारियों ने 1 करोड़ पर 32.50 लाख रुपये कमाए। यह आरोप मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बयान देते हैं कि मैं देशद्रोही हूं। जबकि भाजपा के लोग पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करते हैं। जब केंद्र की कांग्रेस सरकार के राज में पेट्रोल के भाव थोड़े बढ़े थे, तो मुख्यमंत्री ने सायकल चलाकर विरोध किया था। आज पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। मुख्यमंत्री और उनकी सायकल कहां है। उन्होंने बताया कि अर्जुन सिंह की सरकार में गरीबों को पट्टे दिए गए। जबकि भाजपा सरकार के राज में बिजली काटने के बाद भी बिजली बिल भेजे गए और नहीं भरने वालों को जेल भेजा गया। दिग्विजय के मुताबिक मुख्यमंत्री उनके 10 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगते हैं। यदि शिवराज एक मंच पर आमने सामने अपने 15 सालों का हिसाब दें तो वे अपने 10 सालों का हिसाब देने को तैयार हैं।
सच्चाई और ईमानदारी के कारण हुजूर इतिहास बदलेगा : इस अवसर पर हुजूर से कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी ने सभा में कहा कि उनकज ईमानदारी और सच्चाई के कारण हुजूर में 60 साल पुराना इतिहास बदलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे नेतागिरी करने नहीं बल्कि सेवा करने आये हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि लोगों को विधायक के पास आने की जरूरत नहीं होगी।  वे खुद दो पहिया वाहन से समस्याओं का जायजा लेंगे और लोगों तक पहुंचेंगे। इस दौरान उन्होंने कोलार को चूनाभट्टी से सुंदर बनाने का वादा किया। उन्होंने रामेश्वर शर्मा पर आरोप लगाया कि 2013 में उन्होंने वादा किया था कि वो ऐसी सड़क बनाएंगे जिसपर बैठकर खाना खाया जा सकेगा, लेकिन आज तक वो सड़क नदारद है। उन्होंने बरखेड़ा अब्दुल्ला गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे उस गांव में गए तो उनकी कमर में दर्द हो गया था। जब वहां पहुंच कर उन्होंने बच्चों से बात की तो पता चला कि वहां स्कूल 8वीं तक है, जिसके कारण बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कोलार में विकास की जगह गंदगी और सुअर बढ़ने का आरोप लगाया।

विधायक ने लोगों को भागवत और राम कथा में उलझाया : भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए श्याम सिंह मीणा ने आरोप लगाया कि विधायक ने लोगों को भागवत, राम कथा और कांवड़ यात्रा में उलझाकर रखा। साथ ही पांच सालों में सूख चुके करवा डैम से पानी देने का वादा किया गया। कोलार में लोगों को 135 करोड़ के सीवेज सिस्टम और 30 करोड़ की स्ट्रीट लाइट का झूठा वादा किया गया। उन्होंने शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों के भूमिपूजन तो हुए लेकिन सड़के नहीं बनीं। उन्होंने बताया कि लोग नेता बदलते हैं, लेकिन शर्मा ऐसे नेता हैं। जो कार्यकर्ता बदलते रहते हैं। उन्होंने कोलार में जुए के अड्डे, अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थ बिकने का आरोप भी लगाया। बंजारी दशहरा मैदान का उदाहरण देते हुए लोगों से सवाल किया कि यहां स्टेडियम बनाने का वादा किया गया था। क्या सबको स्टेडियम या स्ट्रीट लाइट दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने सिर्फ स्वयं का विकास किया और अपने खास आदमियों किया। इस अवसर पर सभा को मांडवी चौहान, अरुण श्रीवास्तव और दिल्ली के पार्षद रमेश पंडित ने भी संबोधित किया।
इंडस टाउन और अमरावत कला में 200 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जॉइन की : वार्ड 84 के पार्षद मनजीत मारण के नेतृत्व में ग्राम अमरावत कला में भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री गौरव लोधी ने 100 कार्यकर्ताओं के साथ और इंडस टाउन में ज्ञानेंद्र दुबे और मनोज सिंह राजपूत सहित 100 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। साथ ही मंगलवार को ज्ञानचंदानी ने इनायतपुरा से अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। साथ ही बोरदा महाबड़िया, कालापानी, गोलजोड़, शोभापुर, बंदौरी, सुरैया नगर और नरेला हनुमंत में भी जनसम्पर्क किया।

No comments