डेडिकेटेड लेन में दौड़ रही थी डीआइजी की कार, दोपहिया को मारी टक्कर, कार पलटी, 3 घायल - Web India Live

Breaking News

डेडिकेटेड लेन में दौड़ रही थी डीआइजी की कार, दोपहिया को मारी टक्कर, कार पलटी, 3 घायल

भोपाल. कोहेफिजा इलाके में बीआरटीएस डेडिकेटेड लेन में फर्राटा भर रही पुलिस की कार ने दोपहिया सवार रेलवे कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन को नियंत्रित करता इससे पहले कार डेडिकेटेड लेन की रेलिंग-डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में सवार डीआइजी हरिनारायणचारी मिश्रा बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोट आने की चर्चा रही। जबकि उनके कार चालक लाखन सिंह कुशवाह, गनमैन दिनेश को चोट लगी है।

हादसा मंगलवार सुबह करीब सवा दस बजे बैरागढ़ के नजदीक ईसाइयों के कब्रिस्तान के पास बीआरटीएस कट प्वाइंट पर हुआ। उनके चालक-गनमैन ने हादसे की वजह दोपहिया सवार का गलत दिशा में सड़क पर अचानक आ जाना बताया है। गनमैन ने यह भी दावा किया कि कार मिक्स लेन में थी। डीआईजी इंदौर से भोपाल आ रहे थे। उनका हाल ही में इंदौर से भोपाल पीएचक्यू स्थानांतरण हुआ है। 30 फीट तक रेलिंग उखाड़ी, एयरबैग से बची जान घटना स्थन पर सड़क पर कार के पहियों के घिसटन के निशान बता रहे कि कार डेडिकेटेड लेन में थी। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि करीब 30 फीट तक बीआरटीएस की रेलिंग उखड़ गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर दूर-दूर तक पुर्जे बिखरे मिले। डिवाइडर से टकराने की वजह से कार का एयरबैग खुल गया था। इससे चालक को गंभीर चोट नहीं आई। डीआईजी बीच वाली सीट पर बैठे थे।

टक्कर लगने से 25 फीट दूर गिरा रिटायर्ड रेलकर्मी
हादसे में एक्टिवा सवार चिरायु अस्पताल परिसर निवासी 65 वर्षीय रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी राजेन्द्र कुमार नायक के हाथ-पैर फै्रक्चर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर लगने से वे उछलकर करीब 25 फीट दूर जा गिरे। चोट लगने से वह बेहोश हो गए। राजेन्द्र अपने पोते को स्कूल से छोड़कर घर लौट रहे थे। राजेन्द्र के बेटे राहुल ने बताया कि घटना के बाद वे मौके पर गए। जहां, हादसे के चश्मदीदों ने बताया कि पुलिस का वाहन डेडिकेटेड लेने में था। राहुल चिरायु अस्पताल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। परिवार मूलत: सागर का रहने वाला है। राजेन्द्र की तरफ से पुलिस ने देर शाम तक एफआइआर नहीं की है।

हादसे के बाद नंबर प्लेट-स्टार निकाला
हादसे में कार के अगले हिस्से की नंबर प्लेट टूट गई थी। जबकि पीछे की तरफ स्टार लगी प्लेट लगी हुई थी। थोडी़ देर बाद पुलिस ने दोनों प्लेट वाहन से निकाल दिए। कोहेफिजा पुलिस डीआईजी का नाम तक छिपाती रही। इसी के चलते वाहन से प्लेट हटा दी गई।

हादसों से बेफिक्र पुलिस: डेडिकेटेड लेन में वाहनों को रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं
शहर में करीब 24 किलोमीटर लंबे बीआरटीएस लेन में यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस, नगर निगम डेडिकेटेड लेन में वाहन रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं करती। न ही कभी कोई कार्रवाई होती है। ऐसे में चालक बेखौफ होकर लेन में वाहन दौड़ाते हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2XFADqj
via

No comments