आधी आबादी ही दुनिया की पूरी आबादी का निर्माण करती है
भोपाल। पब्लिक रिलेशन सोसाइटी भोपाल और सबधाणी कोचिंग इंस्टीट्यूट भोपाल के तत्वाधान में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान और सम्मान समारोह का आयोजन मिंटो हॉल में किया गया।
नारी शक्ति को समर्पित इस आयोजन के दौरान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि व भोपाल संभाग कमिश्नर कल्पना श्रीवास्तव ने भारत में आधी आबादी के विकास का सफर विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की आधी आबादी ही दुनिया की पूरी आबादी का निर्माण करती है। इसलिए इसका सही मायनों में सशक्तिकरण आवश्यक है।
वहीं विशिष्ट अतिथि मप्र निर्वाचन आयोग के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अभिजीत अग्रवाल ने लोकतंत्र एवं महिला मतदाता विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए महिला मतदाता को सक्रिय रूप से मतदान हेतु आगे आना चाहिए।
समुचित विकास के लिए चाहिए मातृपितृ सत्तात्मक समाज
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रकाश दुबे ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओ की लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र और मजबूत होगा।
विशेष अतिथि क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी रश्मि बघेल ने महिला सशक्तिकरण : चुनौतियां और संभावनाएं विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की समाज के समुचित विकास के लिए मातृपितृ सत्तात्मक समाज चाहिए।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि व मप्र निर्वाचन आयोग के अधिकारी संजीव जैन, वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शंकर, पब्लिक रिलेशन सोसाइटी भोपाल के अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाल सिंह और सबधाणी कोचिंग संस्थान भोपाल के संचालक अनिल सबधाणी ने भी महिला दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।
इन्हें मिला वर्ष-2019 का अचला और उदिता सम्मान
नारी शक्ति को समर्पित इस आयोजन में पत्रकारिता, जनसंपर्क, लोकसेवा, प्रसारण एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान दो दो श्रेणियों में दिया गया। वर्ष 2019 के लिए अचला सम्मान वंदना श्रोती, प्रीति जैन, रूबी सरकार, पूजा पी. वर्धन, बिंदु सुनील, सुनीता दुबे, बबिता मिश्रा, मधुरिमा राजपाल को दिया गया। वहीं वर्ष 2019 का उदिता सम्मान रश्मि प्रजापति खरे, शिल्पा भौमिक, रूचि दीक्षित काशिव, कोमल शर्मा, प्रियंका जोशी, जागृति सोनी, श्रुति तोमर, अनामिका अम्बर, फरज़ाना पटवारी, नमिता शुक्ल, शीतल अटकड़े और मेघा गजभिये को दिया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NQkwla
via
No comments