फेक न्यूज खतरनाक है, इससे बचने की जरूरत
भोपाल। लोगों तक सही जानकारी पहुंचे यह बहुत महत्वपूर्ण है, फेक न्यूज सबसे ज्यादा खतरनाक है। फेक न्यूज के माध्यम से झूठ बोलना और किसी का चरित्र खराब करना बहुत आसान है, हमें इससे बचना चाहिए। खबर सकारात्मक और रिपोर्टिंग सही होना चाहिए। नगरीय प्रशासन और आवास मंत्री जयवद्र्धन सिंह ने शुक्रवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में 'विश्वविद्यालयों में अकादमिक गुणवत्ता' (कोलंबिया विश्वविद्यालय, यू.एस.ए. के अनुभव) विषय पर आयोजित व्याख्यान में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शोध पत्र अवश्य तैयार करना चाहिए और प्रकाशित करवाने चाहिए। यह विवि की शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शोध के लिए अपना विषय स्वयं चुन सकते हैं, यह उन्हें, उनके क्षेत्र में स्थापित होने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऑॅनलाइन मीडिया ही होगा। कई टेलीविजन चैनल्स ने ऑनलाइन मीडिया को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति बनाई है। आज हम देखते हैं कि कंटेंट हमें ऑनलाइन पहले ही प्राप्त हो जाता है। नवाचार और तकनीक में हो रहे परिवर्तनों के कारण यह संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में कटेंट को फिल्टर करना आसान नहीं होता। हमें यह पता होना चाहिए कौन सी न्यूज सही है और कौन सी न्यूज फेक न्यूज है।
बीआरटीएस पर सर्वे करे विवि
चर्चा के दौरान नगरीय प्रशासन और आवास मंत्री जयवद्र्धन सिंह ने विश्वविद्यालय को प्रस्ताव दिया कि वे भोपाल में बीआरटीएस को लेकर सर्वे करें और बताएं कि बीआरटीएस को निरंतर रखना चाहिए या हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर में बीआरटीएस का संचालन ठीक हो रहा है, चालीस से पचास हजार यात्री प्रतिदिन इसका उपयोग करते हैं लेकिन भोपाल में होशंगाबाद रोड, बैरागढ़ में बीआरटीएस के कारण काफी समस्या आती है। स्टूडेंट्स लोगों के बीच जाकर सर्वे करें कि शहरवासी बीआरटीएस के बारे में क्या सोचते हैं। इस पर कुलपति दीपक तिवारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय यह सर्वे करेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2STwbAu
via
No comments