यूरिया पर प्रदेश में सियासत गरमाई, शिवराज ने कमलनाथ पर लगाया ये आरोप - Web India Live

Breaking News

यूरिया पर प्रदेश में सियासत गरमाई, शिवराज ने कमलनाथ पर लगाया ये आरोप

भोपाल। यूरिया पर प्रदेश में सियासत गरमाई है। भाजपा का आरोप है कि राज्य में यूरिया संकट गहराया है। यूरिया लेने पहुंच रहे किसानों पर लाठी बरसाई जा रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो सीधे तौर पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों को बर्वाद करना चाहती है। वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य में यूरिया संकट नहीं है। किसान चिंतित न हों। केन्द्र सरकार से कोटा बढ़ाने का आग्रह किया है। नेताओं में यूरिया पर आरोप प्रत्यारोप के बीच ट्वीट बार भी छिड़ा। कमलनाथ ने ट्वीट किया तो शिवराज ने पलटवार किया।

प्रदेश में यूरिया संकट नहीं है - कमलनाथ
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में यूरिया का कोई संकट नहीं है। किसान चिंतित ना हो, यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम निरंतर केन्द्र सरकार से यूरिया का कोटा बढ़ाने को लेकर संवाद व आग्रह कर रहे है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के किसानों को यूरिया की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपूर्ति के हिसाब से यूरिया का वितरण निरंतर किया जा रहा है। पिछले वर्ष के मुकाबले राज्य सरकार ने अभी तक ज्यादा मात्रा में यूरिया की उपलब्धता व बिक्री सुनिश्चित की है। प्रदेश में किसानों को यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया कालाबाजारी नहीं होने देंगे।

वहीं कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि मांग के अनुसार किसानों को यूरिया का पूर्व भण्डारण सुनिश्चित कराया है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा इंटीग्रेटेड फर्टिलाइजर मैनेजमेंट सिस्टम (आईएफएमएस) के जरिये प्रत्येक उर्वरक दुकान के स्टॉक तथा विक्रय की सतत् निगरानी की जा रही है।

हमारे कार्यकाल में होगी थी अग्रिम व्यवस्था - शिवराज

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में यूरिया संकट है, लेकिन सरकार मानने को तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री कमलनाथ को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि आपकी सरकार किसानों को तबाह व बर्बाद कर रही है। पहले कर्जमाफी का झूठा वादा किया, फिर बोनस व राहत की राशि के लिए तरसाया, अब यूरिया के लिए तरसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 24 घंटे किसान लाइन में लगा है और आप कह रहे हैं कि हमारे पास पर्याप्त इंतजाम हैं। यह अकर्मण्यता की पराकाष्ठा है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को ट्वीट का जबाव ट्वीट से देते हुए कहा कि हमारे द्वारा अपने कार्यकाल में यूरिया का अग्रिम भंडारण कर लिया जाता था ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो लेकिन कांग्रेस सरकार का तो जैसे लक्ष्य है किसानों को असुविधा देना। इन्होंने यूरिया की ढंग से व्यवस्था नहीं की जिसके कारण आज किसान बंधु दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं!

वहीं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि यूरिया के लिए किसानों को पुलिस के डंडे खाना पड़ रहे हैं। जिलों में यूरिया के लिए झड़प की घटनाएं सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को यूरिया प्रबंधन करने के बजाए सरकार का तंत्र कालाबाजारी के प्रबंधन में लगा है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2q0Gz10
via

No comments