पुलिस ने गोवा की जिस युवती को कर्नल के साथ जहरखुरानी में जेल भेजा, वह खुद निकली पीडि़त - Web India Live

Breaking News

पुलिस ने गोवा की जिस युवती को कर्नल के साथ जहरखुरानी में जेल भेजा, वह खुद निकली पीडि़त


भोपाल. नशीली दवा खिलाकर महिलाओं के साथ होटल में दुष्कर्म, पुरुषों के साथ ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार जालंधर, पंजाब निवासी सिमरन सिंह ओमकार उर्फ एलेक्स गोंजाविल्स की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फरवरी 2018 में पणजी, गोवा निवासी 78 वर्षीय रिटायर कर्नल हरवंश सिंह सारना व उनकी 42 वर्षीय केयर टेकर के साथ जहरखुरानी की वारदात में शामिल होने के आरोप में हनुमानगंज पुलिस ने गोवा की जिस युवती को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, वह खुद एलेक्स से पीडि़त है। आरोपी उसे गोवा से भोपाल घूमने के बहाने लेकर आया था। इस दौरान युवती के मोबाइल से उसने कर्नल से संपर्क किया था। युवती उसके मंसूबे से अंजान थी। अब पुलिस युवती को जेल से डिस्चार्ज (उनमोचित) कराने की तैयारी कर रही है। मालूम हो कि एमपी नगर पुलिस ने सोमवार को एलेक्स को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।उसने मुंबई निवासी अमरीकी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर राजेन्द्र व उनके दोस्त को इंटरनेशन वीजा बनवाने का झांसा देकर भोपाल बुलाया था। जहां, होटल में उन्हें काफी में नशीली दवा मिलाकर ठगी की थी। इसके साथ मुंबई की एक अन्य महिला को नौकरी का झांसा देकर भोपाल के होटल में दुष्कर्म किया था।
आरोपी ने महिला को मुंबई से बुलाने के लिए खुद ही साढ़े चार हजार रुपए खर्च कर फ्लाइट की टिकट कराई थी। भोपाल पहुंचने पर आरोपी ने महिला को 70 हजार रुपए हर माह सैलरी वाली नौकरी का झांसा दिया। इसके बाद काफी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
2 लाख बैंक से निकालने के बाद खरीदे परफ्यूम
मुंबई के मैनेजर के चेक से 2 लाख रुपए निकालने के बाद आरोपी एक शापिंग मॉल में पहुंचा। जहां, उसने 10 परफ्यूम खरीदे। 10 परफ्यूम खरीदने के पीछे की वजह बताई कि 20 फीसदी की छूट चल रही थी। अगले रोज कपड़े खरीदने की तैयारी में था।
दोस्ती करने का पुलिस को देता रहा ऑफर
आरोपी से पूछताछ कर रहे पुलिसकर्मियों को वह दोस्ती का ऑफर देता रहा। डेढ़ लाख रुपए देने का लालच दिया। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तब वह चुप हुआ। मंगलवार को पुलिस जब उसे कोर्ट लेकर जा रही थी तब वह पैदल जाने से मना करता रहा।
प्रतिबंधित दवा की तीन टैबलेट कॉफी में मिलाईं
आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि वह नींद आने के लिए उपयोग की जाने वाली प्रतिबंधित दवा पंजाब से लेकर आता था। वह कॉफी में चुपके से 2-2 एमजी की तीन टैबलेट मिला देता था। कॉफी पीते ही शिकार नींद के आगोश में चला जाता था। इसके बाद उनके साथ गलत काम करता था। मुंबई की महिला को उसने तीन गोलियां खिलाई थीं। इसकी वजह
से महिला को दो दिन तक होश ही नहीं आया।
सीरियल किलर खांबरा की तरह है वारदात का तरीका
आरोपी शातिर प्रवृत्ति का है। पुलिस का मानना है कि आदेश खांबरा की तरह एलेक्स का तरीका है। वह पांच साल से इस गोरखधंधा में जुटा है। करीब 30 से अधिक वारदात कर चुका है। उसे कई वारदात याद भी नहीं हैं। पुलिस को आशंका कि दवा के अधिक डोज से किसी की मौत भी हो गई होगी। अब ऐसे प्रकरणों की पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य राज्यों की पुलिस को भी आगे अवगत कराएगी।
होटल प्रबंधन पर केस दर्ज
इधर, एमपी नगर पुलिस ने आरोपी को कमरा देने वाले कमला रेजेंसी के प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया है। होटल प्रबंधन ने बाहरी राज्य से आने वाले ग्राहक की पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। पुलिस ने होटल मैनेजर शकील, मैनेजर मार्केटिंग आशीष वर्मा से जानकारी नहीं देने की वजह पूछी थी। जवाब नहीं देने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
बुजुर्ग व्यक्ति को बीमार बता निकाले 2 लाख
आरोपी ने मुंबई के मैनेजर से वीजा बनवाने के लिए 2 लाख रुपए का चेक लिया था। इसके बाद वह कोटक महिन्द्रा बैंक में पहुंचा। जहां, उसने बैंककर्मचारियों को बताया कि चेक उसके परिवार के बुजुर्ग व्यक्ति का है। वह बैंक तक नहीं आ पाएंगे। इसपर बैंककर्मचारियों ने उसका भरोसा कर 2 लाख रुपए दे दिए।
[MORE_ADVERTISE1]

from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2KAqGp8
via

No comments