सिंधिया की नाराजगी का असर! चंद घंटों में इस विधायक को कमल नाथ कैबिनेट में मिली जगह
भोपाल. मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर से ज्योतिरादित्य सिंधिया सुर्खियों में हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया में अपना स्टेट्स बदला तो मध्यप्रदेश में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। वहीं, सिंधिया समर्थक मंत्री इमरती देवी ने भी ट्विटर से अपना स्टेट्स बदल दिया। लेकिन सिंधिया की सफाई के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने राहत की सांस ली। इमरती देवी ने भी अपना स्टेट्स बदला। इमरती देवी दोपहर तक मध्यप्रदेश के डबरा विधानसभा सीट से विधायक थीं लेकिन सोमवार देर शाम वो कैबिनेट मंत्री बन गईं।
पहले विधायक थीं फिर मंत्री बनीं
दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्विटर स्टेट्स से कांग्रेस हटा कर खुद को जनसेवक और क्रिकेट प्रेमी बताया। ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्टेट्स बदलने के साथ ही सिंधिया समर्थक कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपना स्टेट्स बदलने लगे। किसी ने खुद को सिंधिया का समर्थक बताया तो किसी ने अपने विभाग को हटा दिया। मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने भी ट्विटर से अपना विभाग हटा कर खुद को विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता बताया। जबकि सिंधिया के स्टेट्स बदलने से पहले उन्होंने अपने परिचय में मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लिखा था।
अब मंत्रालय जोड़ दिया
अफवाहों के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक महीने पहले अपने स्टेट्स को बदला था और ये केवल अफवाहें हैं। इसके बाद शाम को इमरती देवी ने अपना स्टेट्स बदल दिया और अपने परिचय में खुद को मध्यप्रदेश का महिला एवं बाल विकास मंत्री बताया है।
सिंधिया को अध्यक्ष बनाने की मांग कर चुकी हैं इमरती देवी
इमरती देवी ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग कर चुकी हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के समय ज्योतिरादित्य सिंधिया को महाराष्ट्र में स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन नियुक्ति किया गया था इस दौरान इमरती देवी ने नाराजगी जताई थी। इमरती देवी ने कहा था कि महाराज को जिम्मेदारी देना है तो मध्यप्रदेश में दो। महाराष्ट्र में उन्हें कौन पूछेगा। बता दें कि इमरती देवी के अलावा कमलनाथ सरकार के कई मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की पैरवी कर चुके हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/35DVEEP
via
No comments