व्यापमं घोटाले की जांच से सरकार संतुष्ट, नहीं लाएंगे श्वेत पत्र
भोपाल। विपक्ष में रहने के दौरान सड़क से सदन तक हंगामा करने वाली कांग्र्रेेस अब सत्ता में आने के बाद व्यापमं घोटाले की जांच से संतुष्ट है। गृह मंत्री बाला बच्चन ने कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी के सवाल पर लिखित जवाब में कहा कि भाजपा कार्यकाल में हुई जांच तीन सदस्यीय एसआईटी की जांच सही दिशा में हुई। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि व्यापमं घोटाले पर श्वेत पत्र लाने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि घोटाले से संबंधित अन्य शिकायतों की जांच भी हो रही है।
कांग्रेस विधायक चौधरी ने जुलाई माह के मानसून सत्र में भी व्यापमं घोटाले से जुड़ा सवाल पूछा था। उस दौरान सरकार की ओर से कहा गया था कि जबाव तैयार करने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने पुराने सवालों को जोड़ते हुए नए सवाल भी पूछते कहा कि व्यापमं घोटाले के मामले में अन्य शिकायते भी हुई थी। छह माह बाद भी इनकी जांच एसटीएफ पूरी नहीं कर पाई है। किसी पर प्रकरण दर्ज नहीं किए।
इसके पहले भी एसटीएफ ने जांच के नाम पर गोलमाल किया था। जांच की भयावहता को देखते हुए व्यापमं घोटाले पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। मंत्री बाला बच्चन ने अपने जवाब में कहा व्यापमं से संबंधित विभागों और शिकायतकर्ताओं से जानकारी ली जा रही है। प्रमाणों के आधार पर कार्यवाही होगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस के एक अन्य विधायक प्रताप ग्रेवाल के सवाल पर सीबीआई द्वारा की गई जांच के अलावा अन्य बिन्दुओं पर भी जांच की जा रही है। पूर्व विधायक पारस सखलेचा, डॉ. आनंद राय और आशीष चतुर्वेदी के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जांच किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
जांच निष्पक्ष होने का दावा -
कांग्रेस विधायक ग्रेवाल ने यह भी पूछा कि पारस सखलेचा के बयान के आधार पर पूर्व मख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भूमिका की जांच की जा रही है। इस पर मंत्री ने दावा किया जांच निष्पक्ष तरीके से हो रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2rWJQQ0
via
No comments