जामिया के छात्रों के समर्थन और कैब के विरोध में एमसीयू के छात्रों ने किया प्रदर्शन
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में एडजंक्ट प्रोफेसर (अनुबंधित प्राध्यापक) दिलीप मंडल और मुकेश कुमार द्वारा सोशल मीडिया पर एक वर्ग विशेष के खिलाफ किए गए पोस्ट को लेकर पिछले चार दिनों से चल रहे विवाद के बीच सोमवार को छात्रों ने नागरिकता संशोधन कानून (कैब) के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन व परिचर्चा का आयोजन किया।
आयोजन में विश्वविद्यालय के करीब 60-70 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्रों ने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर देश के संविधान के साथ खिलवाड़ है, विवि के छात्र इसकी आलोचना करते हैं। इस दौरान विवि के छात्रों ने जामिया मिलिया इस्लामिया विवि के विद्यार्थियों के साथ की गई बर्बरता का भी विरोध जताया।
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर निकाला मौन जुलूस
इधर, दिलीप मंडल के खिलाफ विरोध करने वाले एमसीयू के छात्रों के साथ पुलिस द्वारा की गई मारपीट और विवि प्रबंधन द्वारा 10 छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में राजधानी के विभिन्न कॉलेजों के युवाओं ने शाम को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर मौन जुलूस निकाला। मुंह पर काली पट्टी बांध, हाथों में मोमबत्ती लिए इन छात्रों ने मांग की है कि विवि के दोनों एडजंक्ट प्रोफेसरों पर कार्रवाई की जाए और छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए।
भीम आर्मी ने समर्थन और संस्कृति बचाओ मंच ने विरोध में सौंपा ज्ञापन
दोपहर में विवि के एडजंक्ट प्रोफेसर दिलीप मंडल के समर्थन में भीम आर्मी, ओबीसी महासभा के कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अगर इन प्रोफेसर्स को विवि से निकाला गया तो वे आंदोलन करेंगे। कुछ देर बाद संस्कृति बचाओ मंच के कार्यकर्ताओं ने दिलीप मंडल व मुकेश कुमार को बर्खास्त करने के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। साथ ही छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/38LnuS3
via
No comments