कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का कोरोना से निधन
भोपाल : अलीराजपुर जिले के जोबट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। उन्हें 15 अप्रैल को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। निधन की सूचना मिलने के बाद उनके क्षेत्र समेत प्रदेशभर में शोक की लहर छा गई है। वरिष्ठ विधायक कांतिलाल भूरिया की भतीजी कलावती भूरिया 2018 में पहली बार विधायक चुनी गई थीं। इसके पहले वे झाबुआ और आलीराजपुर जिले के विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य और अन्य समितियों में सदस्य रहीं। कलावती भूरिया 1990 में सरपंच बनीं थीं। इसके बाद 2000-2018 तक झाबुआ जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। भूरिया परिवार में कुछ ही दिनों में हुई ये दूसरी मौत है।
नेताओं ने ट्वीट कर जताया शोक :
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश के जोबट क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती कलावती भूरिया जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार मिला। वे आमजन के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहने वाली मिलनसार व मृदुभाषी विधायक थीं। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को संबल दे। विनम्र श्रद्धांजलि।
- पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश के जोबट क्षेत्र की विधायक कलावती भूरिया के दुखद निधन का समाचार बेहद व्यथित व स्तब्ध करने वाला है। वे एक सक्रिय, दबंग , जुझारू , मिलनसार विधायक थीं। अपने क्षेत्र की जनता के प्रति उनका विशेष लगाव था और उनके हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहती थीं। उनका दुखद निधन पूरे कांग्रेस परिवार और मेरे लिए भी एक़ बड़ी क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।
- पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि जोबट की विधायक कलावती के दुखद निधन के समाचार सुन कर बेहद दुख हुआ। कलावती झाबुआ, अलीराजपुर आदिवासी क्षेत्रों में कांग्रेस की स्तंभ रहीं। अनेकों बार जिला परिषद की निर्वाचित अध्यक्ष रहीं। हमारे पारिवारिक रिश्ते रहे। मुझे निजी क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3nil5pI
via
No comments