सिंधी समाज का घेराव और बंद, ढाई घंटे सीएम हाउस के बाहर धरना, पुलिस ने गाडिय़ों में भरकर चौराहे तक छोड़ा
भोपाल
शाजापुर में सेंट्रल बैंक कर्मचारी नरेश फूलवानी की पिटाई और अपराधियों पर कार्यवाहीं की मांग को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे सिंधी समाज के लोगों के ऊपर शाजापुर भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा अभद्र टिप्पणी से नाराज सिंधी समाज के लोगों ने शनिवार को सीएम हाउस का घेराव किया और शहर के बाजार बंद रखे। इस दौरान समाज के लोग सीएम हाउस के बाहर सडक़ पर धरने पर बैठे रहे, तकरीबन ढाई घंटे तक सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से बात करने की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान यहां तैनात पुलिसकर्मी समाज के लोगों को सडक़ से हटने के लिए समझाईश देते रहे। तकरीबन ढाई घंटे बाद पुलिस ने दो वाहनों में भरकर धरना, प्रदर्शन कर रहे समाज के लोगों को चौराहे तक छोड़ा।
शाजापुर में हुई इस घटना को लेकर सिंधी सेंट्रल पंचायत द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पंचायत के आव्हान पर शनिवार को बाजार बंद रखने का ऐलान किया गया था। इस दौरान समाज के कई लोग सीएम हाउस का घेराव करने तकरीबन 11:30 बजे पहुंच गए। यहां गेट के सामने सडक़ पर बैठकर समाज के लोगों ने नारेबाजी की, धरना दिया और विरोध जताया। कुछ पदाधिकारी सीएम से मिलने पहुंचे, लेकिन सीएम बाहर थे। सीएम हाउस के अधिकारियों ने संपर्क कराने की कोशिश की, लेकिन संर्पक नहीं हो पाय, दूसरी ओर समाज के लोग सीएम से बात करने की जिद पर अड़े रहे। दोपहर में यहां पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने गिरफ्तारी दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा
समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी
सिंधी सेंट्रल पंचायत के भगवानदेव ईसरानी ने बताया कि विगत 15 जुलाई को शाजापुर सेंट्रल बैंक के कर्मचारी नरेश फुलवानी की शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार के बड़े भाई हरिसिंह परमार ने बैंक में पिटाई कर दी थी। मामले की रिपोर्ट लिखवाने के बाद मंत्री समर्थकों द्वारा उसकी लाठी डंडों से पिटाई की गई। इस मामले को लेकर 9 अगस्त को जब सिंधी समाज के लोग शाजापुर जिला अध्यक्ष अंबाराम कराड़ा को ज्ञापन देने पहुंचे तो उन्होंने समाज के लोगों को नक्सली, टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य और देशद्रोही कहा। समाज के विरुद्ध की गई इस तरह की टिप्पणी से समाज के लोग आहत है। इसी को लेकर हम लगातार कार्यवाहीं की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एक दो दिन में सीएम से मुलाकात कराकर इस मामले में जरूरी कार्यवाहीं करेंगे।
बाजार रहे बंद
सिंधी सेंट्रल पंचायत के ऐलान के बाद शहर में शनिवार को बाजार बंद रहे। न्यू मार्केट में अधिकांश दुकाने बंद रही, इसी तरह अन्य बाजार भी बंद रहे। सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारियों ने कहा है कि अगर इस मामले में कार्यवाहीं नहीं हुई तो आगे प्रदेशव्यापारी आंदोलन और बंद करेंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3CP4Gzp
via
No comments