पुरानी रंजिश के चलते छात्र की सरेराह चाकू मारकर हत्या, सोशल मीडिया की एक पोस्ट से पाल रखा था मन में बैर - Web India Live

Breaking News

पुरानी रंजिश के चलते छात्र की सरेराह चाकू मारकर हत्या, सोशल मीडिया की एक पोस्ट से पाल रखा था मन में बैर

भोपाल। शहर के अशोका गार्डन इलाके में स्थित चंद्रा स्वीट्स के पास गुरुवार देर रात हिस्ट्रीशीटर रोहित उर्फ कबाड़ी सहित तीन बदमाशों ने 12 वीं कक्षा में पढऩे वाले एक छात्र की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। एक आरोपी और मृतक के बीच डेढ़ साल पुराना विवाद था। दरअसल, छात्र ने एक साल पहले आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी, जिससे उसका जमकर मजाक बना था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों का राजीनामा करा दिया गया था। इसी का बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

टीआई आलोक श्रीवास्तव के अनुसार आयुष चौहान पिता जीएस चौहान मकान नंबर 227, वार्ड 69, ए-सेक्टर अशोका गार्डन का निवासी था। वह निजी स्कूल से 12 वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता एक सरकारी विभाग के कर्मचारी हैं। परिवार में उसके अलावा एक भाई और मां-पिता हैं। आयुष का मोहल्ले में रहने वाले कुनाल से डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करने को लेकर विवाद हुआ था। बाद में बड़ों की समझाइश के बाद दोनों के बीच राजीनामा हो गया था। आयुष इस बात को भूल चुका था, जबकि कुनाल इसे दिल में रखे हुआ था। इसी रंजिश के चलते गुरुवार रात कुनाल ने आयुष का पीछा कर साथी रोहित वर्मा उर्फ रोहित कबाड़ी, मयूर और ब्रजेश शर्मा के साथ मिलकर उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलोच की। आयुष ने विरोध किया, तो सभी ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान कुनाल ने अपने पास रखे चाकू से आयुष के गले को रेत दिया। बाद में सभी बदमाश क्षेत्र में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल को मोहल्ले में रहने वाले परिचितों और मृतक के रिश्तेदारों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही देर रात ही चारों आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। हत्याकांड में डेनी नाम के एक अन्य युवक के शामिल होने की भी जानकारी मिल रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में शामिल कबाड़ी नाम के बदमाश पर एक दर्जन से अधिक और ब्रजेश के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3nnoHce
via

No comments