teachers Day Special : जानिए विश्वभर के शिक्षक दिवस से जुड़ी खास और रोचक बातें। - Web India Live

Breaking News

teachers Day Special : जानिए विश्वभर के शिक्षक दिवस से जुड़ी खास और रोचक बातें।

teachers Day Special : शिक्षक समाज-देश के लिए महत्त्वपूर्ण होता है। देश के अधिकारी, नेता, अभिनेता यहां तक की राष्ट्रपति का निर्माता भी शिक्षक ही होता है। इन्हीं शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। हमारे देश में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिन के रूप में शिक्षक दिवस पांच सितम्बर (teachers day 5 september) को अति उत्साह के साथ मनाते हैं। इस दिन स्कूलों में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। विश्व की बात करें, तो विश्व के देशों में भी शिक्षक दिवस मनाया जाता है। जानते हैं, टीचर्स डे से जुड़ी रोचक जानकारियां।

चीन में वर्ष 1931 में नेशनल सेंट्रल यूनिवर्सिटी में शिक्षक दिवस की शुरुआत की गई थी। चीन सरकार ने सन् 1932 में इसे स्वीकृति दी। बाद में सन् 1939 में कन्फ्यूशियस के जन्मदिवस 27 अगस्त को शिक्षक दिवस घोषित किया गया, लेकिन वर्ष 1951 में इस घोषणा को वापस ले लिया गया। वर्ष 1985 में 10 सितंबर को शिक्षक दिवस घोषित किया गया। अब चीन के ज्यादातर लोग फिर से चाहते हैं कि कन्फ्यूशियस का जन्मदिवस ही शिक्षक दिवस हो।

रूस में वर्ष 1965 से 1994 तक अक्टूबर महीने के पहले रविवार के दिन शिक्षक दिवस मनाया जाता रहा। सन् 1994 से विश्व शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को ही मनाया जाने लगा।

अमरीका में मई के पहले सप्ताह के मंगलवार को शिक्षक दिवस घोषित है। वहां सप्ताहभर इसके आयोजन होते हैं।

थाइलैंड में हर साल 16 जनवरी को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यहां 21 नवंबर, 1956 को एक प्रस्ताव लाकर शिक्षक दिवस को स्वीकृति दी गई थी। पहला शिक्षक दिवस वर्ष 1957 में मनाया गया था। इस दिन यहां स्कूलों में अवकाश रहता है।

ईरान में वहां के प्रोफेसर अयातुल्लाह मोर्तेजा मोतेहारी की हत्या के बाद, उनकी याद में दो मई को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। मोतेहारी की 2 मई, 1980 को हत्या कर दी गई थी।

तुर्की में 24 नवंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। वहां के पहले राष्ट्रपति कमाल अतातुर्क ने यह घोषणा की थी। मलेशिया में इसे 16 मई को मनाया जाता है, वहां इस खास दिन को हरि गुरु कहते हैं।

पड़ोसी देश नेपाल में शिक्षक दिवस आषाढ़ महीने की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। यह दिन जुलाई के मध्य में आता है। इस दिन को धार्मिक भावना के साथ मनाया जाता है और इसे 'गुरु पूर्णिमा' कहते हैं।

दक्षिण कोरिया में 15 मई को शिक्षकों के प्रति आभार जताया जाता है। यहां यह आयोजन वर्ष 1963 से शुरू हुआ। इसे रेडक्रॉस के सदस्यों ने शुरू किया था, जो अस्पतालों में बीमार पूर्व शिक्षकों से मिलने पहुंचते थे। हालांकि वर्ष 1973 से 1982 के बीच इस समारोह पर रोक लगा दी गई, पर बाद में इसे दोबारा शुरू किया गया। आज भी कोरिया में परम्परा के अनुसार छात्र अपने शिक्षकों को गुलनार का फूल उपहारस्वरूप देते हैं।

अर्जेंटीना में भी वहां के सातवें राष्ट्रपति डोमिंगो फोस्तिनो सारमिथेन्तो की याद में उनकी पुण्यतिथि 11 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

बु्रनेई में वहां के 28वें शासक सुल्तान उमर अली सैफुद्दीन तृतीय के जन्मदिन 23 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। सुल्तान को आधुनिक बु्रनेई का निर्माता भी कहा जाता है। उन्होंने ही देश में नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने की नीति को लागू किया था।

शिक्षक दिवस: सरकारी स्कूल को संवारने वाली निभा को मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण और एलिजाबेथ को उत्कृष्ट प्राचार्य का पुरस्कार

भारत में शिक्षक दिवस-

भारत में शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस का आयोजन 5 अक्टूबर को होता है। रोचक बात यह है कि शिक्षक दिवस दुनिया भर में मनाया जाता है, लेकिन सभी ने इसके लिए एक अलग दिन निर्धारित किया है। कुछ देशों में इस दिन अवकाश रहता है, तो कहीं-कहीं यह कामकाजी दिन ही रहता है।

भारत में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के सम्मान में 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस दिन देश के द्वितीय राष्ट्रपति रहे, राधाकृष्णन का जन्मदिवस होता है।

यूनेस्को ने 5 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस घोषित किया था। साल 1994 से ही इसे मनाया जा रहा है। शिक्षकों के प्रति सहयोग को बढ़ावा देने और भविष्य की पीढिय़ों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए शिक्षकों के महत्त्व के प्रति जागरूकता लाने के मकसद से इसकी शुरुआत की गई थी।

बोल अनमोल-
एक औसत दर्जे का शिक्षक बताता है। एक अच्छा शिक्षक समझाता है। एक बेहतर शिक्षक करके दर्शाता है। एक महान शिक्षक प्रेरित करता है।
शिक्षक सबसे अच्छा मित्र है। शिक्षक हर जगह सम्मान पाता है।
अपने छात्रों में सृजनात्मक भाव और ज्ञान का आनन्द जगाना एक शिक्षक का सबसे महत्त्वपूर्ण गुण है।
एक अच्छा शिक्षक आशा को जगाता है, कल्पना को प्रज्ज्वलित करता है और सीखने की लालसा को बढ़ाता है।
शिक्षक एक दीपक की तरह होता है, वह खुद प्रज्वलित होकर दूसरों को रास्ता दिखाता है।
रचनात्मक अभिव्यक्ति और ज्ञान में प्रसन्नता जगाना शिक्षक की सर्वोत्तम कला है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3h57Q9R

No comments