तिरंगा थीम पर प्रदोष पर भगवान भोेलेनाथ का श्रीराम के स्वरूप में श्रृंगार
भोपाल. शहर में इन दिनों राम भक्ति का उत्साह छाया हुआ है। अयोध्या में रामलला के विराजमान होने के बाद पहले प्रदोष पर शहर के शिवालयों में विशेष पूजा अर्चना हुई। इस दौरान रामभक्ति का नजारा भी दिखाई दिया। मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का भगवान राम के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों से साज सज्जा की गई और शिवधुन के साथ-साथ रामधुन की स्वरलरियां भी गूंजी। इस दौरान भजन, कीर्तन के आयोजन हुए और दर्शन का सिलसिला देर रात्रि तक जारी रहा।
मनोकामेश्वर मंदिर नेवरी में राम स्वरूप
नेवरी लालघाटी के मनोकामेश्वर मंदिर में प्रदोष के मौके पर भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस दौरान चंदन से राम नाम लिखकर भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार किया गया। इसके पहले जलाभिषेक, रूद्राभिषेक सहित अन्य आयोजन हुए। मंदिर के पं. विजय शर्मा ने बताया कि इस मौके पर फूलों से मंदिर में साज सज्जा की गई और शिव और भगवान राम की पूजा अर्चना हुई। मंदिर में देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा।
बड़वाले महादेव मंदिर में एक क्विंटल फूलों से श्रृंगार
प्रदोष के मौके पर बड़वाले महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान, गुलाब, मोगरा, रजनीगंधा सहित विभिन्न प्रकार के लगभग एक क्विंटल फूलों से भगवान वटेश्वर का श्रृंगार किया गया। गणतंत्र दिवस के पूर्व यहां तिरंगा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। मंदिर समिति के संजय अग्रवाल ने बताया कि अयोध्या में रामलला की स्थापना पर भगवान का श्रीराम के वेष में श्रृंगार किया गया था। इसी प्रकार इस ऐतिहासिक क्षण के बाद पहले प्रदोष पर भी भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया और भजन कीर्तन हुए। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
गुफा मंदिर में शिवधुन और रामधुन
लालघाटी के गुफा मंदिर में भी भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। यहां सुबह भगवान का जलाभिषेक, रूद्राभिषेक किया गया, इसके बाद वैदिक पंडितों द्वारा पूजा अर्चना की गई और फूल, धतुरा सहित अन्य प्राकृतिक वस्तुओं से भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार हुआ। मंदिर के पं. लेखराज शर्मा ने बताया कि इस दौरान मंदिर में शिव धुन और रामधुन की विशेष प्रस्तुति हुई।
राम और तिरंगा स्वरूप में श्रृंगार
छोला विश्राम घाट स्थित मुक्तेश्वर महाकाल मंदिर में प्रदोष के मौके पर अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और आने वाले गणतंत्र दिवस का उत्साह देखा गया। यहां भगवान राम और तिरंगा के स्वरूप में मुक्तेश्वर महाकाल का श्रृंगार किया गया। मंदिर के गोपालकृष्ण पुरोहित ने बताया कि मंदिर में दोनों ही उत्सवों की थीम पर आधारित श्रृंगार किया गया। इसके पहले सुबह अभिषेक, रूद्राभिषेक सहित अन्य अनुष्ठान हुए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/prUNG49
via
No comments