संत गजानन के गूंजे जयकारे, पालकी यात्रा निकाली, झुणका भाखर का लगाया भोग
भोपाल. शेगांव महाराष्ट्र के प्रसिद्ध संत और मराठी समाज के आराध्य संत गजानन का प्रकट दिवस रविवार को श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में निवासरत मराठी समाज के लोगों ने विशेष पूजा अर्चना की। मराठी समाज के मंदिरों में संत गजानन महाराज का अभिषेक, विशेष पूजा अर्चना की गई। गण गणात बोते के जयघोष के साथ शहर में अनेक स्थानों से पालकी शोभायात्राएं निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शहर में स्थित संत गजानन महाराज के मंदिरों में सुबह से ही अभिषेक, पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया था। गजानन मंदिर ए सेक्टर सर्वधर्म सोसायटी कोलार रोड भोपाल में सुबह संत गजानन महाराज का महारूद्र अभिषेक किया गया। इसके बाद षोडषोपचार पूजन किया गया। साथ ही गजानन विजय ग्रंथ का सामुहिक पारायण किया गया। इस मौके पर गण गणात बोते के उदघोष के साथ पालकी यात्रा निकाली गई। अनेक स्थानों पर पालकी यात्रा का स्वागत सत्कार किया गया। पालकी यात्रा वापस मंदिर पहुंची। यहां आरती हुई और महाप्रसाद का आयोजन किया गया।
जगह-जगह निकली पालकी, पूजा अर्चना
प्रकट दिवस के मौके पर शहर में स्थापित गजानन मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। मराठी समाज के संजय जोशी ने बताया कि कोलार रोड, दत्त मंदिर अरेरा कॉलोनी, साई मंदिर शास्त्री नगर, झूलेलाल मंदिर, इनायतपुर सहित अन्य मंदिरों में भी पूजा अर्चना की गई। इस दौरान पालकी यात्रा निकाली और प्रसाद वितरण हुआ।
झुणका भाकरी का लगाया भोग
शहर के मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था। पोथी पारायण के साथ घरों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने गजानन महाराज की पूजा अर्चना कर झुणका भाकर (बेसन और ज्वार की रोटी ), बेगन का भर्ता, ठेचा(लहसून और मिर्च की चटनी ), हलुए का भोग लगाया । इस मौके पर मंदिरों में महाप्रसादी वितरण किया गया। मंदिरों में हुई विशेष पूजा अर्चना शहर के मंदिरों में भी प्रकट दिवस पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/tGDhlB9
via
No comments