विहिप की प्रांतीय बैठक में गोवंश मंत्रालय के प्रस्ताव पर हुई चर्चा, रविवार को 32 जिलों से जुटेंगे 500 से अधिक कार्यकर्ता
भोपाल । हलालपुर स्थित सुंदरवन गार्डन में विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक शनिवार से प्रारंभ हुई, जिसमें प्रदेशभर से 250 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए। पहले दिन उद्घाटन सत्र के दौरान कार्यकर्ताओं को केन्द्रीय संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक आयोजन के उद्देश्य से अवगत कराया। क्षेत्रीय मंत्री राजेश तिवारी ने बताया कि बैठक में केन्द्रीय संगठन की आगामी 6 माह की कार्य योजना बताने और पिछले 6 माह में किए गए कार्यों की रिपोर्ट कार्यकर्ताओं से ली जा रही है। बैठक में केन्द्रीय संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे क्षेत्रीय संगठन मंत्री दिनेश चंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में आगामी 20 अगस्त को बूढ़ा अमरनाथ की यात्रा, संगठन के राष्ट्रीय कार्यक्रम और शासन से गोवंश मंत्रीमंडल बनाने की मांग पर जोर दिया गया। रविवार को बैठक के दूसरे दिन मध्यभारत प्रांत के 32 जिलों से करीब 500 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय संगठन मंत्री अरविंद ब्रह्मानंद, क्षेत्रीय मंत्री राजेश तिवारी, प्रांत अध्यक्ष पीतांबर राजदेव, प्रांत मंत्री पप्पू वर्मा, प्रांत उपाध्यक्ष सुशील शर्मा, करण राजोरिया, जीतू कटारिया, संदीप राव सहित बड़ी संख्या में विहिप कार्यकर्ता मौजूद थे।


No comments