जेएनयू के छात्र नेता उमर खालिद पर संसद के पास फायरिंग, बाल-बाल बचे;
हमलावर पिस्टल छोड़कर फरारजेएनयू में कथित तौर पर हुई देश विरोधी नारेबाजी में उमर खालिद का नाम सामने आया था
उमर खालिद कार्यक्रम में शामिल होने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब गए थे।
खालिद पर हमला उस वक्त हुआ, जब वे एक दुकान पर चाय पी रहे थे
खालिद ने कहा- जो भी सरकार के खिलाफ बोलेगा, उसे धमकाया जाएगा
दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र नेता उमर खालिद पर सोमवार दोपहर संसद के पास अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। हमले में वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल बरामद की। यूनाइटेड अगेन्स्ट हेट नामक संगठन ने कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में 'खौफ से आजादी' कार्यक्रम रखा था। इसमें वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, जदयू सांसद मनोज झा, रोहित वेमुला की मां राधिका समेत कई लोगों को आमंत्रित किया गया था। खालिद को भी इसमें शामिल होना था।
ऐसा बताया जा रहा है कि खालिद पर उस वक्त हमला हुआ, जब वे एक दुकान पर अपने साथियों के साथ चाय पी रहे थे। खालिद ने हमले के बाद कहा कि देश में आतंक का माहौल है। जो कोई भी सरकार के खिलाफ बोलेगा, उसे धमकाया जाएगा। उमर का नाम पहली बार जेएनयू में कथित तौर पर हुई देश विरोधी नारेबाजी में सामने आया था। छात्र नेता कन्हैया कुमार ने इसे आवाज दबाने की कोशिश करार दिया।
हमलावर ने पहले धक्का-मुक्की की : एक चश्मदीद ने बताया, ''मैं खालिद के साथ चाय की दुकान पर मौजूद था। तभी सफेद शर्ट पहने एक युवक ने आकर धक्का-मुक्की की और उमर पर गोली चलाई। हड़बड़ाहट में खालिद जमीन पर गिर गया और हमलावर का निशाना चूक गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। हमलावर हवाई फायर करते हुए भागने लगा और पिस्टल उसके हाथ से फिसलकर गिर गई।''

No comments