मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत तीन दिन के दौरे पर आ रहे हैं भोपाल; कांग्रेस उठाएगी फर्जी वोटर का मामला - Web India Live

Breaking News

मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत तीन दिन के दौरे पर आ रहे हैं भोपाल; कांग्रेस उठाएगी फर्जी वोटर का मामला


भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत सोमवार शाम को भोपाल पहुंच रहे हैं, अपने तीन दिवसीय दौरे में वे यहां चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। इसी क्रम में ओपी रावत मंगलवार को राजनीतिक दलों से चर्चा करेंगे। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के इस दौरे की तैयारियों को लेकर निर्वाचन सदन का कार्यालय छुट्टी के दिन रविवार को भी खुला रहा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने एडिशनल सीईओ और ज्वाइंट सीईओ के साथ मीटिंग कर बैठक के संबंध में चर्चा की। इधर, मुख्य चुनाव आयुक्त मंगलवार को राजनीतिक दलों से चर्चा करेंगे। कांग्रेस इस दौरान फर्जी वोटर के मामले को प्रमुखता से उठाएगी। 

कांग्रेस की आपत्तियों को प्रमुखता से लेने की मांग : जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा का कहना है कि बैठक में दक्षिण पश्चिम, नरेला और हुजूर विधानसभा में पाए गए फर्जी वोटर के मामले को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उनका कहना है कि जिला इकाई की जांच में जहां नरेला विधानसभा में जहां वोटर लिस्ट से 29 हजार फर्जी वोटर हटाए जा चुके हैं। वहीं, 11 हजार फर्जी वोटर होने का मामला सामने आया है। यही स्थिति दक्षिण पश्चिम विधानसभा की भी है, इस क्षेत्र में भी 9 हजार से ज्यादा फर्जी वोटर पाए गए हैं। आयोग से मांग की जाएगी कि कांग्रेस की आपत्तियों को प्रमुखता से लिया जाए ताकि 27 सितंबर को जिस मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाए वह शुद्ध हो। इसी मतदाता सूची का विधानसभा चुनाव में उपयोग किया जाना है।

No comments