देवरिया सेक्स रैकेट: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा सीबीआई करेगी जांच;
देवरिया/लखनऊ। देवरिया शेल्टर होम के सेक्स रैकेट से छुड़ाई गई 24 लड़कियाें की मंगलवार को पुलिस ने मेडिकल जांच करवाई। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में तीन लड़कियों ने शेल्टर होम में यौन शोषण के आरोप लगाए। हालांकि, उन्होंने अपना नहीं, दूसरी लड़कियों का यौन शोषण होने की बात कही। आरोपों की किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। इसी बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीबीआई जांच का ऐलान कर दिया है।
दूसरी तरफ, शेल्टर होम से लापता एक लड़की मंगलवार को गोरखपुर के वृद्धाश्रम में मिली। यह वृद्धाश्रम भी शेल्टर होम संचालक गिरिजा त्रिपाठी के मां विंध्यावासिनी एनजीओ का है। एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट प्रभुनाथ ने बताया कि वृद्धाश्रम के रजिस्टर के अनुसार 21 साल की रानी डीहा यहां पांच अगस्त को लाई गई थी। वह अभी सदमे में है। युवती को वृद्धाश्रम में रखना गैर कानूनी है। वृद्धाश्रम सील कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि पांच अगस्त की रात ही पुलिस ने शेल्टर होम पर छापा मारकर 24 लड़कियां छुड़ाईं थीं। इन्हीं में से एक लड़की ने बताया कि शेल्टर होम से लड़कियां गोरखपुर में ले जाई जाती थीं। वहां उन्हें दो लड़कों के साथ कमरे में भेजा जाता था।
एसआईटी गठित, पूर्व डीएम को दी जाएगी चार्जशीट:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर देवरिया के पूर्व डीएम सुजीत कुमार को चार्जशीट दी जा रही है। विभागीय जांच के लिए एसआईटी भी गठित की जाएगी।
बच्चे बेचने का आरोप; 4 लड़कियां, 1 लड़का स्पेन भेजे गए:शेल्टर होम से छुड़ाई एक लड़की ने संस्था संचालक पर बच्चे बेचने का आरोप लगाया। लड़की ने कहा कि कुछ दिन पहले यहां से चार लड़कियां और एक लड़का स्पेन भेजा गया। इसमें दो जुड़वां बहने थीं। इनकी उम्र 5 से 8 साल के बीच थी। इसने एक अन्य लड़की के मौत का मामला दबाने का भी आरोप लगाया। अधिकारी इसकी जांच की बात कह रहे हैं।
21 लड़कियों ने खराब खाने और गंदे बिस्तरों की शिकायत की:मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए लाई गई लड़कियों ने बताया कि शेल्टर होम में उन्हें अमानवीय हालात में रखा जाता था। उन्हें पानी जैसी दाल, कंकड़ मिले चावल और खराब आटे की रोटियां दी जाती थीं। विरोध करने पर पिटाई होती थी। मैले-कुचैले बिस्तरों पर सोने को मजबूर किया जाता। 21 लड़कियों ने खाने, गंदे बिस्तर और मारपीट की शिकायत की।
संचालिका की बेटी भी गिरफ्तार:शेल्टर होम संचालिका और मुख्य आरोपी गिरिजा त्रिपाठी की विधवा बेटी कंचन लता त्रिपाठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह शेल्टर होम की अधीक्षक थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

No comments