जनजागरण यात्रा में जीतू पटवारी के मुंह से निकला-कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाएं, बाद में सफाई देने लगे - Web India Live

Breaking News

जनजागरण यात्रा में जीतू पटवारी के मुंह से निकला-कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाएं, बाद में सफाई देने लगे


कांग्रेस नेताओं की फिसली जुबान, कहा- 'हमें देश को कांग्रेस मुक्त कराना'
बड़वानी। प्रदेश कांग्रेस के दो कार्यकारी अध्यक्षों बाला बच्चन और जीतू पटवारी की जुबान जन जागरण यात्रा में फिसल गई। बच्चन ने कह दिया कि हमें प्रदेश और देश को कांग्रेस मुक्त कराना है, जबकि पटवारी ने कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही। बाद में पटवारी ने इसकी सफाई दी।

बच्चन ने सोमवार देर रात 11 बजे जन जागरण यात्रा के तहत अंजड़ पहुंच कर जनसभा की। उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे की सभा रात 11 बजे होने पर भी जनता इंतजार कर रही है। इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने जनता से प्रदेश और देश को भाजपा के बजाय कांग्रेस मुक्त कराने की अपील कर दी। इसके बाद उन्होंने अपने कथन को दोहरा भी दिया। 
उधर, अंजड़ के बाद देर रात बड़वानी के झंडा चौक में जन जागरण यात्रा के तहत आयोजित सभा में पटवारी ने अपने भाषण के दौरान कह दिया कि प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो रोजगार के मुद्दे पर सबसे ज्यादा काम होगा, इसके बाद पटवारी ने मंगलवार को बड़वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में इस बात का खंडन किया कि बच्चन ने कांग्रेस मुक्त करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह उनके बिल्कुल करीब खड़े थे और बच्चन ने इस तरह का कथन नहीं किया। पटवारी ने कहा कि दरअसल, बच्चन ने कहा है कि इतनी देर तक जनसभा के लिए इंतजार करना जनता का कांग्रेस के प्रति समर्पण भाव है और जनता ने कांग्रेस नहीं, वरन भाजपा मुक्त भारत का संकल्प लिया है। पत्रकारों के साथ चर्चा में उन्होंने कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाने वाले बयान पर भी स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके का पालन करती है और मुख्यमंत्री का चुनाव विधायक ही करेंगे।


No comments