इंडोनेशिया: भूकंप और सुनामी के बाद अब तक सैकड़ों लोग फंसे मलबे में, 832 की मौत - Web India Live

Breaking News

इंडोनेशिया: भूकंप और सुनामी के बाद अब तक सैकड़ों लोग फंसे मलबे में, 832 की मौत


जकार्ता |  इंडोनेशिया में भूकंप और उसके बाद आई सुनामी में मरने वालों की संख्या 832 तक पहुंच गई। सबसे अधिक नुकसान सुलावेसी द्वीप के पालू और दोंगला शहर में हुआ। यहां 17 फीट तक ऊंची समुद्री लहरों में लोग बह गए। हजारों इमारतें गिर गईं और इनके मलबे में सैकड़ों लोग फंसे हैं। इन लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। शुक्रवार को रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गयी थी। भूकंप का केंद्र दोंगला से 56 किमी दूरी पर जमीन से 10 किमी नीचे था। 
कई परिवार लापता
इंडोनेशिया की डिजास्टर एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो ने बताया कि ऊंची लहरों की वजह से कई घरों को नुकसान पहुंचा और कई परिवार अभी भी लापता हैं। सुतोपो ने कहा कि सुलावेसी में कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। अंधेरे की वजह से राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। पालू एयरपोर्ट बंद हो जाने से इंडोनेशियाई सेना को मदद पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।

आपदा एजेंसी की लापरवाही से बचने का मौका नहीं मिला
इतनी बड़ी तादाद में लोगों की मौत के पीछे आपादा एजेंसी बीएमकेजी की लापरवाही भी है। एजेंसी ने पहली बार भूकंप आने पर सुनामी की चेतावनी जारी की थी, लेकिन 34 मिनट बाद ही इसे वापस ले लिया। इसके बाद 7.5 तीव्रता के दो भूकंप और आए। 3 घंटे के भीतर ही पालू और दोंगला में सुनामी आ गई। चेतावनी वापस लेने की वजह से लोग सुरक्षित जगहों पर नहीं पहुंच पाए। पालू के बीच पर शुक्रवार शाम को फेस्टिवल चल रहा था। पालू में करीब 3.80 लाख लोगों पर असर पड़ा है। दोंगला भी करीब-करीब तबाह हो गया है। अस्पताल भर गए हैं और खुले में भी लोगों का इलाज किया जा रहा है।

No comments