कंफर्म टिकट 1 से 7 नवंबर तक मुश्किल, विकल्प-स्पेशल वीकली ट्रेन
- फेस्टिव सीजन के मद्देनजर दिल्ली-मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों की आरक्षित श्रेणियों के कोचाें में नहीं मिल रहा रिजर्वेशन
- पुणे और हावड़ा जाने के लिए एक विकल्प हमसफर का भी, किराया दस गुना ज्यादा महंगा
भोपाल| यदि आप दीपावली के मौके पर ट्रेन से दिल्ली-मुंबई की यात्रा करना चाहते हैं तो आपको अब कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल है। वजह यह है कि ज्यादातर ट्रेनों में 1 से 7 नवंबर तक आरक्षित श्रेणियों के कोचाें में एक सीट खाली नहीं है। इसके लिए आपके पास अब सिर्फ फेस्टिवल स्पेशल वीकली ट्रेन ही एक मात्र विकल्प है। इसके लिए भी आपको इन स्पेशल ट्रेनों की ऑनलाइन स्थिति देखना पड़ेगा।
फेस्टिव सीजन के मद्देनजर इस बार भोपाल से होकर गुजरने वाली सामान्य ट्रेनों में 15 फीसदी ज्यादा यात्रियों ने रिजर्वेशन कराया है। इसी वजह से रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। पिछले 5 दिन से इनमें एक भी सीट खाली नहीं मिल पा रही है। शहर के कई यात्रियों ने दिल्ली-मुंबई के लिए दो महीने पहले से प्लान बनाकर रिजर्वेशन करा लिया था। भोपाल एक्सप्रेस में तो वेटिंग का आंकड़ा रोज बढ़ रहा है।
अतिरिक्त कोच व स्पेशल ट्रेन पिछले साल से ज्यादा : भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता आईए सिद्दीकी का कहना है कि तय मापदंडों के लिहाज से 200 से ऊपर वेटिंग की स्थिति बनने पर अतिरिक्त कोच के अलावा स्पेशल ट्रेन ही चलाना पड़ता है। पिछले साल से इस बार ट्रेनों में 15 फीसदी अतिरिक्त कोच लगाना पड़ा। कई स्पेशल ट्रेनें भी चलना पड़ीं, ताकि यात्रियों को लंबी वेटिंग से निजात मिल सके।
अभी सामान्य ट्रेनों में 1 से लेकर 139 तक वेटिंग
दिल्ली की ओर : भोपाल एक्सप्रेस में 1 से 7 नवंबर तक स्लीपर में 45 से 139 वेटिंग। एसी-2 से लेकर 3 श्रेणी तक 37 से 57 वेटिंग। एसी-1 श्रेणी में अभी कन्फर्म टिकट नहीं है। संपर्क क्रांति, मंगला, लक्ष्य दीप एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस व केरला सहित कुछ ट्रेनों में सही स्थिति है।
मुंबई की ओर जाने के लिए : मंगला एक्सप्रेस की स्लीपर व अन्य श्रेणियों में नवंबर के पहले हफ्ते में 21 से 77 तक वेटिंग है।
भोपाल से रायपुर के लिए : समता एक्सप्रेस में 1 से 6 नवंबर तक स्लीपर व अन्य श्रेणियों में 59 से लेकर 118 तक वेटिंग गोंडवाना एक्सप्रेस में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिलेंगे। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में भी यही स्थिति है।
भोपाल से पुणे : गोवा एक्सप्रेस में 1 से 7 नवंबर तक स्लीपर में 57 से 89 तक की वेटिंग, इसकी एसी-2 व एसी-3 में भी वेटिंग है। झेलम एक्सप्रेस में भी यही स्थिति है। भोपाल पंजाब मेल स्लीपर क्लास से लेकर एसी 1 तक 110 से ज्यादा वेटिंग।
कब-कहां के लिए स्पेशल वीकली ट्रेन
छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से पटना के बीच सुपरफास्ट स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन- हर शुक्रवार गाड़ी संख्या 02053। वापसी में गाड़ी संख्या 02054 पटना-छत्रपति महाराज शिवाजी टर्मिनस हर रविवार
गोरखपुर-मुंबई छत्रपति शिवाजी टर्मिनस- गाड़ी संख्या 02597 हर शनिवार को चलेगी। यह सुबह 8.25 बजे गोरखपुर से रवाना होकर रात 11.20 बजे भोपाल पहुंचेगी
पुणे और हावड़ा जाने के लिए एक विकल्प हमसफर का भी, लेकिन दस गुना ज्यादा महंगा- पुणे और हावड़ा जाने के लिए हर शनिवार हबीबगंज-पुणे हमसफर और हर बुधवार हबीबगंज- संतरागाछी- हावड़ा ट्रेन उपलब्ध है। दीपावली के दौरान भी इनमें जगह मिल सकती है, लेकिन अन्य ट्रेनों की तुलना में इसमें किराया दस गुना ज्यादा है।

No comments