इकोफ्रेंडली दीपावली पर मिठी गोबिन्दराम स्कूल में अभिप्रेरक सत्र का आयोजन
संत हिरदाराम नगर। शहीद हेमू कालानी एज्युकेशनल सोसायटी द्वारा संचालित विद्यालय मिठी गोबिन्दराम पब्लिक स्कूल में संत हिरदाराम जी के शिष्य सिद्धभाऊ के सानिध्य में कक्षा पाँचवी के विद्यार्थियों हेतु अभिप्रेरक सत्र का आयोजन नवनिध सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘‘छात्रों में मानवीय गुणों का विकास और इकोफ्रेंडली दीवापली’’ रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, माँ भारती एवं ब्रह्यलीन संत हिरदाराम साहिब जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
सिद्ध भाऊजी ने समस्त छात्रों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय की निम्नस्तरीय दैनिक दिनचर्या के संदर्भ में सचेत किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि किस प्रकार आप लोग भौतिक चकाचौंध में कई आकर्षणों में बंधते जा रहे है, जिससे आपका सम्पूर्ण व्यक्तित्व पतन की ओर अग्रसर हो रहा है। छात्रों को विद्यार्थी जीवन में नियमित दिनचर्या का पालन करने का महत्व बताते हुए उन्होंने विद्या धन को मानव जीवन की सर्वश्रेष्ठ धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि इस जीवन की सार्थकता ज्ञानार्जन से परिपूर्ण होती है। अतः प्रत्येक विद्यार्थी को गंभीरता के साथ विद्यार्जन हेतु प्रयासरत रहना ही चाहिए। भाऊजी द्वारा बताये गये नियमों का पालन करने वाले एवं उनके मार्गदर्शन में कार्य करने वाले छात्रों को उनके द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय द्वारा आयोजित ‘‘वर्ल्ड साइट डे’’ के अन्तर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिये विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें कक्षा आठवीं के छात्र अतिशय जैन को नगद राशि 1100/- रूपये की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई एवं अन्य छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।
संस्था सचिव एसी साधवानी ने अपने उद्बोधन में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है यही से आपकी नीव मजबूत बनती है। इसके साथ-साथ अच्छे संस्कारों का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को 1 से 20 तक पहाड़े अच्छी तरह कंठस्थ करने के लिए कहा ताकि भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु तैयार हो सकें। उन्होंने छात्रों से कहा कि अंग्रेजी भाषा में धारा प्रवाहता लाने के लिए लेखन एवं वाचन कौशल में वृद्धि करें।
विद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अजयकांत शर्मा जी ने कहा कि हमे सदैव सच का पालन करना चाहिए। निर्भीक होकर सच को कहे, भले ही हमने गलती की हो किन्तु सच्चाई पूर्वक उसे स्वीकारें, तथा सुधारने का निरन्तर प्रयास करें क्योंकि प्रयास सदैव ही सफल होता है।
विद्यालय काॅर्डिनेटर मिनी नायर ने अपने वक्तव्य में छात्रों को प्रतिदिन की महत्वपूर्ण बातों से अवगत कराया जिसमें सुबह उठकर धरती माता के पैर छूना, निरीह पक्षियों को दाना-पानी देना, नियमित रूप से विद्यालय आना, मन लगाकर पढ़ाई करना, घर का बना हुआ खाना खाना, माता पिता के पैर छूना, डिजिटल दुनिया से दूरी बनाना जिससे हमें उसकी आदत न हो। उन्होंने छात्रों को समझाते हुए कहा कि मिट्टी के दीपक बाजार से खरीदकर जलाये एवं मिट्टी के दीपक बनाकर बेचने वालों की भी दीपावली रोशन करेें।
विद्यालय शिक्षिका निशा सिंह ने अपने उद्बोधन छात्रों से अपने अंदर अच्छे मानवीय गुण विकसित करने की प्रेरणा दी। साथ ही, जिन छात्रों ने पिछले वर्ष इकोफ्रेंडली दीपावली मनाई उन्हें मंच पर आंमंत्रित किया गया ताकि अन्य छात्र भी उन छात्रों से इकोफ्रेंडली दीपावली मनाने की प्रेरणा ले सकें।
अनुशासन व्यवस्था बनाये रखने में सुश्री मोहिनी सिरवानी, वंदना श्रीवास्तव एवं संगीत विभाग के शिक्षक भूपेश पाठक द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय की शिक्षिका निशा सिंह एवं आभार विद्यालय छात्र आदित्य पेसवानी कक्षा पाँचवी द्वारा व्यक्त किया गया।
No comments