मिठ्ठी गोबिन्दराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की जयंती - Web India Live

Breaking News

मिठ्ठी गोबिन्दराम पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लालबहादुर शास्त्री की जयंती

 संत हिरदाराम नगर। शहीद हेमू कालानी एज्युकेशनल सोसायटी द्वारा संचालित मिठ्ठी गोबिन्दराम पब्लिक स्कूल में लालबहादुर शास्त्री जी व महात्मा गांधीजी का जन्म दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, माँ भारती, ब्रहमलीन संत हिरदाराम साहिब जी एवं लालबहादुर शस्त्रीजी व महात्मा गांधीजी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन व रघुपति राघव राजाराम भजन के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत के अतुलनीय, निष्ठावान, आदर्शमयी व्यक्तित्व, सत्य, अहिंसा एवं स्वधीनता के दैदीप्यमान नक्षत्र श्री लाल बहादुर शास्त्री व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के व्यक्तित्व, जीवन आर्दश व सिद्धांतों से परिचित कराना रहा।
संस्था सचिव ए.सी. साधवानी जी ने कहा कि जीवन का प्रथम संस्कार माता-पिता की आज्ञा का अनुपालन करना है। उन्होंने बताया कि जीवन को सार्थक बनाने का प्रबल माध्यम है - चिंतन व साहित्य से स्वयं को जोड़ना। इसके लिए छात्र देश की महान विभूतियों लालबहादुर शास्त्री जी, महात्मा गांधी जी की आत्मकथाएँ पढ़कर प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि सत्य की कोई परिभाषा नहीं होती। इसे आत्मिक रूप से महसूस किया जाता है। सत्य आंतरिक शांति, खुशी और आनंद का पर्याय है। भावी जीवन को सफल बनाने के लिए वर्तमान में कठिन परिश्रम व अध्ययन के प्रति गंभीर बनें।
विद्यालय प्राचार्य डाॅ. अजयकांत शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम समाज को जैसा देखना चाहते हैं वैसे स्वयं बनें। मन, वचन, कर्म से स्वयं को निर्मल बनाएं तभी हम समजोपयोगी व राष्ट्रनिधि बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य द्वारा हम समस्त बाधाओं पर विजयी प्राप्त कर सकते है। क्योंकि सत्य स्वीकार करने के बाद ही हम अपने जीवन में सुधार की अपेक्षा कर सकते है। जीवन में ‘सादा जीवन-उच्च विचार’ तथा वचनबद्धता, मन की निर्मलता ही जीवन की सफलता व चरित्र को सुनियोजित करती है।
विद्यालय की उपप्राचार्या रीटा गुरबानी ने छात्रों को पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन से समयबद्धता, नियमितता, कार्य के प्रति सत्यनिष्ठता एवं पूर्ण जागरूकता के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा लेने हेतु अभिप्रेरित किया।
विद्यालय के छात्र मोहित राजानी, कृष्णा सितलानी, पुनीत लालवानी, चिराग भागवानी, आदित्य पेसवानी एवं आदित्य पाण्डे ने कविता, भजन व भाषण के माध्यम अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से ए.सी. साधवानी (सचिव), डाॅ. अजयकांत शर्मा (प्राचार्य), रीटा गुरबानी (उपप्राचार्य) गिरीश हेमराजानी, देवेन्द्र शर्मा, श्रीमती मिनी नायर (काॅर्डिनेटर),  संगीत विभाग के चारू केशी तिवारी, योग्यता शर्मा, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र उपस्थित रहे।

No comments