पुलिस ने कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस
भोपाल। राजधानी भोपाल के परवलिया थाना क्षेत्र के कुख्यात बदमाश गुड्डा उर्फ कर्मा बंजारा उम्र 35 साल निवासी झिरनिया को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। कुख्यात बदमाश गुड्डा उर्फ कर्मा बंजारा के विरुद्ध थाना में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले एवं इतने ही मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कुख्यात बदमाश गुड्डा उर्फ कर्मा बंजारा को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। कुख्यात बदमाश गुड्डा उर्फ कर्मा बंजारा मारपीट के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज थाना क्षेत्र में जुलूस निकाला।
जान से मारने की दी धमकी...
दुष्कर्म के केस में समझौते से इंकार करने पर आरोपी के दोस्त ने पीडि़ता को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हबीबगंज पुलिस के मुताबिक 27 वर्षीय युवती ने डेढ़ साल पहले सीहोर में देवेंद्र और संदीप नामक युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी उस पर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। युवती ने पुलिस को बताया कि तीन मार्च को उसके मोबाइल पर वॉट्सएप काल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम कपिल बताते हुए खुद को आरोपियों का दोस्त बताया। उसने पहले केस वापस लेने के लिए लालच दिया। पीडि़ता ने जब इंकार किया तो वह परिणाम भुगतने की धमकी देने लगा।
बीटेक छात्रा से मनचले ने की छेड़छाड़...
बागसेवनिया इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा एक निजी कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रही है। पिछले कुछ समय से संजय मेहर नामक युवक उसका कालेज आते-जाते समय पीछा कर अश्लील कमेंट्स कर रहा था। छात्रा ने उसे कई बार समझाईश दी, लेकिन वह नहीं माना। इसकी जानकारी उसने अपने परिजनों को दी।
शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे छात्रा एम्स अस्पताल के सामने से निकल रही थी, तभी संजय उसके पीछे करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर वह उसे धमकाने लगा, तभी छात्रा के चाचा ने संजय को पकड़कर उसकी डंडे से पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, संजय की शिकायत पर छात्रा के चाचा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2UQ1qyl
via
No comments