'कमलनाथ के मैनेजमेंट और दिग्विजय से डरी भाजपा, भोपाल से चुनाव लड़ने में डर रहे दिग्गज नेता'
भोपाल. भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा इसको लेकर केन्द्रीय चुनाव समिति लगातार मंथन कर रही है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता पीसी शर्मा ने कहा है बीजेपी के नेता दिग्विजय सिंह से डरे हुए हैं क्योंकि दिग्विजय सिंह के मैदान में आने से बीजेपी के आंकड़े बिखर गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के दिग्गज से दिग्गज नेता भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से किनारा कर रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस ने भोपाल लोकसभा सीट से इस बार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
और क्या कहा पीसी शर्मा ने
बीजेपी के द्वारा अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं करने पर पीसी शर्मा ने कहा- कमलनाथ के मैनेजमेंट से भाजपा परेशान हैं। वहीं, पीएम मोदी के 'मैं भी चौकीदार' मुहिम पर तंज कसते हुए कहा कि, चौकीदार ठीक तरह से चौकीदारी नहीं कर रहा है। देश को चौकीदार नहीं बल्कि एक ठोस प्रधानमंत्री चाहिए।
भाजपा को नहीं मिल रहा उम्मीदवार
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था भोपाल में भाजपा को उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। उसके लिए भाजपा को विज्ञापन छपवा देना चाहिए। वहीं, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था, कांग्रेस मध्य प्रदेश में कम से कम 22 सीटें जीतेगी। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश समेत ज्यादातर राज्यों में बीजेपी की सीटें घट रही हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा देशभर में 160 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी। बीजेपी को भोपाल और इंदौर से अब तक उम्मीदवार ना तय कर पाने पर कमलनाथ ने कहा था इंदौर-भोपाल में प्रत्याशी तय करने में बीजेपी को पसीना आ गया है। बीजेपी को प्रत्याशियों के लिए विज्ञापन निकालना पड़ेगा।
1989 से भोपाल भाजपा का गढ़
भोपाल लोकसभा सीट को भाजपा को गढ़ कहा जाता है। 1984 में कांग्रेस को आखिरी बार जीत मिली थी। 1989 से यहां से भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है। इस बार यहां से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान , नरेन्द्र सिंह तोमर और उमा भारती का नाम सामने आ रहा है। हालांकि उमा भारती ने इस लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HY3BMK
via
No comments