कमलनाथ ने कहा- लोकसभा के लिए दो दिनों में जारी होगी पहली लिस्ट, इन्हें मिल सकता है टिकट
भोपाल. मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस की पहली सूची दो दिनों में जारी हो सकती है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि आने वाले दो दिनों में कांग्रेस की पहली सूची जारी हो जाएगी। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि छिंदवाड़ा से कौन उम्मीदवार होगा इसका फैसला कांग्रेस चुनाव समिति करेगी। हालांकि उन्होंने ये साफ किया है कि वो छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से विधानसभा का उपचुनाव लड़ेंगे। बता दें कि कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से माना जा रहा है छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से उनके बेटे नकुलनाथ लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।
गुना या ग्वालियर से चुनाव लड़ सकती है प्रियदर्शनी राजे सिंधिया
लोकसभा चुनाव के लिए इस बार गुना या ग्वालियर संसदीय सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया चुनाव लड़ सकती हैं। गुना कांग्रेस कमेटी ने इस बार प्रियदर्शनी राजे सिंधिया के चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी पास किया है। वहीं, कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर कह चुके हैं कि हो सकता है कि अगली बार में गुना में सांसद पति के रूप में आऊं। प्रियदर्शनी राजे के ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।
छिंदवाड़ा से नौ बार सांसद रहे हैं कमलनाथ
कमलनाथ छिंदवाड़ा संसदीय सीट से 9 बार सांसद रहे हैं। इस बार मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के कारण वो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं, छिंदवाड़ा विधायक दीपक सक्सेना ने कमलनाथ के लिए अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद कमलनाथ विधानसभा का उपचुनाव छिंदवाड़ा से लड़ेंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2SV1zyD
via
No comments